Nalanda News: नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव स्थित एक वाटर पार्क में रविवार को आयोजित होली मिलन समारोह अचानक हिंसा में बदल गया। भोजपुरी गायक रौशन रोही के कार्यक्रम के दौरान जमकर पथराव और गोलीबारी हुई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान हुई फायरिंग में एक किशोर को गोली लग गई, जबकि पथराव में एक पत्रकार समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गायक रौशन रोही सहित 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फायरिंग में किशोर गंभीर, पत्रकार भी घायल
गोलीबारी में काशोचक निवासी शिवकुमार यादव के पुत्र सूबे लाल कुमार को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पथराव के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार ऋषिकेश कुमार और आरा-छपरा रूट के वाहन चालक अमन कुमार भी घायल हो गए। उग्र भीड़ ने गायक के काफिले में शामिल तीन वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
मुफ्त एंट्री को लेकर शुरू हुआ विवाद
घायल पत्रकार के अनुसार विवाद की शुरुआत तब हुई जब स्थानीय ग्रामीणों को कार्यक्रम में मुफ्त प्रवेश देने से रोक दिया गया। इस बात को लेकर आयोजकों और ग्रामीणों के बीच पहले बहस हुई, जो धीरे-धीरे झड़प में बदल गई। कार्यक्रम समाप्त होते ही आक्रोशित लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख गायक के साथ आए निजी बाउंसरों ने फायरिंग कर दी, जिससे हालात और बिगड़ गए।
बिना अनुमति हो रहा था कार्यक्रम
सूचना मिलते ही सदर डीएसपी नुरुल हई कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है। गायक से पूछताछ जारी है और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
गायक के कार्यक्रमों में पहले भी हो चुका है बवाल
बताया जा रहा है कि गायक रौशन रोही के कार्यक्रमों में हंगामे की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी की सभा में उनके कार्यक्रम के दौरान भी विवाद हुआ था, जहां पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। फिलहाल नकटपुरा गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और प्रशासन के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


