पटना। शहर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित बालदेव भवन रोड पर देर रात करीब 2 बजे दो कबाड़ी दुकानदारों के बीच हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी, जिससे बदरी आलम उर्फ आरजू नामक युवक के हाथ में गोली लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायल की हालत स्थिर

परिजनों ने घायल बदरी आलम को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

तीन आरोपी हिरासत में

घटना को लेकर पीड़ित के पिता मोहम्मद सन्नी ने शास्त्री नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। SDPO सचिवालय-2 साकेत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंकित कुमार, किशोर राय और सन्नी साव को हिरासत में लिया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।

पुराने विवाद से जुड़ा मामला

पुलिस के अनुसार यह मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। अंकित कुमार और किशोर राय पुनाईचक के निवासी हैं, जबकि सन्नी साव नौबतपुर का रहने वाला है। इन लोगों का पहले भी बदरी आलम उर्फ आरजू से विवाद हो चुका था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी है।