सिद्धार्थ शरद, वैशाली। जिले के पातेपुर के बालिगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात को खोआजपुर बस्ती पंचायत के मुखिया पति अमित कुमार उर्फ नटवर पर अज्ञात अपराधियों ने गोली चला दी। इस हमले में मुखिया पति बाल-बाल बच गए। घटना रात करीब 9:30 बजे की है, जब अमित कुमार उर्फ नटवर बहुआरा धर्मकांटा से अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से घर लौट रहे थे।
घर से 500 मीटर पहले हुई फायरिंग
घर से लगभग 500 मीटर पहले अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गाड़ी की तेज रफ्तार के कारण गोली शीशे के ऊपरी हिस्से पर लगी और वे सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही बालिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोखा बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ड्राइवर का बयान
मुखिया पति के फॉर्च्यूनर ड्राइवर संतोष कुमार ने बताया कि, बहुआरा से लौटते समय घर से कुछ दूरी पर स्थित मुर्गा फार्म के पास अपराधियों ने गोली चलाई। उन्होंने कहा कि, गाड़ी की रफ्तार तेज होने के कारण गोली शीशे पर लगी और मुखिया जी बच गए। ड्राइवर ने बताया कि, वे हमलावरों को देख नहीं पाए। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मुखिया पति के घर के पास जमा हो गए। इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
किसी पर संदेह होने से इंकार
घटना के बाद मुखिया पति के आवास पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना को लेकर मुखिया पति ने बताया कि, वह बहुआरा से घर लौट रहे थे। इस दौरान घर से 500 मीटर पहले ही अज्ञात दो अपराधियों ने उनपर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि, इस हमले में वह बच गए, लेकिन गोली लगने से गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने गोली किसने चलाई इसे लेकर किसी पर आशंका जाहिर करने से इंकार किया है।
स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल
गौरतलब है कि बिहार में इन दिनों अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। सरकार द्वारा प्रदेश में कानून का राज कहे जाने के लाख बावजूद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बेलगाम अपराधी हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। वैशालि में मुखिया पति पर हुए हमले में उनकी जान भले ही बच गई है। लेकिन इस घटना ने स्थानीय लोगों खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।
ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में महिला सिपाही की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव, पति हिरासत में
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

