सिद्धार्थ शरद, वैशाली। बिहार के वैशाली जिलें में रामनवमी के दिन बड़ा हादसा हुआ है, जहां गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के 5 लोग नदी में डूब गए। देखते ही देखते आस्था का पर्व मातम में बदल गया। घटना देसरी प्रखंड के गणियारी गंगा घाट की बताई जा रही है।

एक युवती की मौत, दो लापता

मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग गंगा में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी, उसे बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य भी एक-एक कर नदी में उतर गए और सभी तेज धारा में बहने लगे। हालांकि इस दौरान स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक किशोरी की मौत हो गई।

परिजनों में मचा कोहराम

मृतक की पहचान सीमा कुमारी (16 वर्ष), पिता रीठू राय के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि बाकी दो युवती/महिलाएं अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। सूचना मिलते ही देसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। गंगा घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है।

लापता महिलाओं की तलाश जारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंगा में स्नान के दौरान अचानक गहराई अधिक होने के कारण सभी महिलाएं संतुलन खो बैठीं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक एक की जान जा चुकी थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन की ओर से लापता महिलाओं की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- ​मुजफ्फरपुर सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने दो दोस्तों को रौंदा, एक की मौत के बाद ग्रामीणों का भारी हंगामा