अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के बिक्रमगंज से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है, जहां मठिया गांव में कुछ लोगों की संदिग्ध स्थिति में हुई मौत को लेकर लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। इस बीच उत्पाद विभाग के आयुक्त तथा विभिन्न अधिकारियों की टीम ने बिक्रमगंज के मठिया गांव पहुंचकर जांच शुरू की है।

बताया जाता है कि 14 फरवरी को पूजन सिंह के पुत्र का तिलक समारोह था। जिसके एक दिन के बाद पूजन सिंह के एक अन्य पुत्र लल्लू सिंह की तबीयत बिगड़ी और 16 फरवरी को अचानक उसकी मौत हो गई। कुछ लोग गांव में इसे शराब से जोड़कर देख रहे हैं। वही, जानकारी यह भी मिली है कि पूजन सिंह के दो रिश्तेदार जो नासरीगंज से आए थे। तीन दिनों के अंदर उन लोगों की भी मौत हुई है। लेकिन इस संबंध में फिलहाल पुलिस के द्वारा कोई पुष्टि नहीं है।

सोशल मीडिया पर जब इस बात की चर्चा शुरू हुई तो उत्पाद विभाग के अधिकारी एवं जिला प्रशासन के कुछ अधिकारी मठिया गांव में जाकर जांच शुरू कर दिए। उत्पादन आयुक्त का कहना है कि घर के लोगों से बातचीत हुई है। जिसमें कुत्ता काटने से मौत की बात सामने आ रही है। इसकी भी जांच कराई जा रही है।

वही तिलक समारोह से लौटने के बाद अकोढी गोला के दो रसोईया की भी संदिग्ध स्थिति में मौत होने की चर्चा है। लेकिन इन तमाम मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। साथ ही परिजन भी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कह रहे हैं। गाहे बगाहे लोग इस मामले को शराब से जोड़कर देख रहे हैं। इसीलिए उत्पाद विभाग की टीम फिलहाल जांच के लिए मठिया गांव में पहुंची है।

ये भी पढ़ें- मेकअप बना मुसीबत! पूर्णिया में डांसर को बच्चा चोर समझ ग्रामीणों ने बेरहमी से पीटा, पुलिस ने बचाई जान