सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार में आगामी पंचायत चुनाव नई तकनीक और नए नियमों के साथ होंगे। राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए तय किया है कि पंचायती राज के सभी 6 पदों के लिए मतदान अब इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराए जाएंगे। इसके साथ ही पंचायत चुनाव में आरक्षण का नया रोस्टर भी लागू किया जाएगा।

अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

दरअसल पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश आज मंगलवार (7 अप्रैल) को पूर्वी चंपारण के सुगौली प्रखंड स्थित सुखमाली पंचायत का दौरा किया। यहां उन्होंने पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गड़बड़ियां उजागर होने पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।

बर्दाश्त नहीं होगा भ्रष्टाचार- दीपक प्रकाश

मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि, पंचायत चुनाव नई विधि से होंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि, सरकार विकास के प्रति संकल्पित है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इन 6 पदों के लिए होगा चुनाव

इस चुनाव में पंचायत स्तर के छह प्रमुख पदों के लिए मतदान होगा, जिनमें वार्ड सदस्य, मुखिया, पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए एक ही बूथ पर ईवीएम के जरिए मतदान की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मतदान प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सुगम होगी।

चिप में सुरक्षित रहेंगे वोट

नई तकनीक से लैस ईवीएम के इस्तेमाल से इस बार के पंचायत चुनाव में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ने की उम्मीद है। इस नई ईवीएम की सबसे खास बात यह है कि इसमें पारंपरिक मेमोरी के साथ एक अलग से विशेष चिप लगाई गई है। यह चिप चुनाव प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यदि किसी कारणवश ईवीएम की मुख्य मेमोरी नष्ट भी हो जाती है, तब भी इस चिप में डाले गए प्रत्येक वोट का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।

ये भी पढ़ें- ‘ममता बनर्जी को सता रहा है इस बात का डर’, दिनेश लाल यादव ने बंगाल चुनाव को लेकर कर दिया यह बड़ा दावा