रायपुर। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की रायपुर शाखा द्वारा प्रस्तावित ICAI भवन के निर्माण हेतु शिलान्यास समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह भवन ICAI की किसी भी शाखा को आवंटित देश के सबसे बड़े भूखंड पर निर्मित किया जा रहा है, जो रायपुर ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और सीए विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

शिलान्यास ICAI के अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर ICAI की केंद्रीय परिषद के सदस्य सीए अभय छाजेड़, सीए पंकज शाह, सीए अनुज गोयल, सीए अंकुर गुप्ता, सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (CIRC) के चेयरमैन सीए दिनेश कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

प्रस्तावित ICAI भवन को चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और सीए विद्यार्थियों के लिए एक आधुनिक अधोसंरचना केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। भवन में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें अत्याधुनिक तकनीकी संसाधन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी लैब, स्टार्ट-अप इन्क्यूबेशन सेंटर, आधुनिक प्रशिक्षण कक्ष, सेमिनार हॉल एवं शैक्षणिक सुविधाएं शामिल रहेंगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लगभग 15 माह की अवधि में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

रायपुर शाखा के अध्यक्ष सीए विकास गोलछा ने इसे शाखा के इतिहास का स्वर्णिम क्षण बताते हुए कहा कि रायपुर शाखा की स्थापना के 45 वर्षों बाद अपने स्वयं के भवन का शिलान्यास होना पूरे सीए समुदाय के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि यह भवन आने वाले वर्षों में पेशेवर उत्कृष्टता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का केंद्र बनेगा।

समारोह में शाखा की प्रबंध समिति के सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें उपाध्यक्ष सीए रश्मि वर्मा, सचिव सीए रवि जैन, कोषाध्यक्ष सीए संस्कार अग्रवाल, सिकासा चेयरमैन सीए ऋषिकेश यादव, महिला समिति चेयरपर्सन सीए शीतल काला, तथा GMCS एवं OTC समिति चेयरपर्सन सीए आयुषी गर्ग शामिल रहे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पधारे ICAI के पूर्व अध्यक्षों, सदस्यों, सीए विद्यार्थियों, व्यापार एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों, आयकर एसोसिएशन एवं जीएसटी बार एसोसिएशन के सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। रायपुर शाखा की ओर से सभी अतिथियों और सहयोगी संगठनों के प्रति कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H