महाराष्ट्र के नासिक से शुरू हुआ ढोंगी बाबा अशोक खरात का मामला अब राज्य के सबसे बड़े स्कैंडल में तब्दील हो चुका है. उस पर दैवीय शक्तियों के नाम पर महिलाओं के यौन शोषण और 500 करोड़ की अवैध संपत्ति जुटाने का गंभीर आरोप है. खुद को मर्चेंट नेवी का रिटायर्ड कैप्टन, भविष्यवक्ता और दैवीय शक्तियों का स्वामी बताने वाले 67 वर्षीय अशोक खरात की काली दुनिया की परतें अब एसआईटी (SIT) की जांच में एक-एक कर खुल रही हैं. जांच में सामने आया है कि खरात के नाम पर कुल 52 संपत्तियां दर्ज हैं, जिनमें से 11 पूरी तरह उसी के नाम पर हैं. ये संपत्तियां नासिक, सिन्नर, गंगापुर और अहिल्यानगर (अहमदनगर) जिलों में फैली हुई हैं.
नासिक का स्वयंभू कैप्टन अशोक खरात अब पुलिस के शिकंजे में है. पुलिस अब उसके पूरे सिंडिकेट और प्रभावशाली संपर्कों की जांच कर रही है.
एसआईटी प्रमुख और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तेजस्वी सातपुते की टीम को बड़ी सफलता मिली है. शुरुआत में केवल एक महिला की शिकायत पर शुरू हुई यह जांच अब व्यापक होती जा रही है. पुलिस द्वारा भरोसा दिलाए जाने के बाद तीन और पीड़ित महिलाएं खरात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आई हैं.
एसआईटी ने खरात की पूरी कुंडली खंगाली तो अधिकारी भी दंग रह गए. अनुमान है कि इन जमीनों और प्लॉट की कुल कीमत 500 करोड़ रुपये के करीब हो सकती है. कई प्रॉपर्टी कार्ड्स पर संदिग्ध एंट्री मिली हैं.
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ शिर्डी से आया है. विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी से महज तीन दिन पहले राज्य के तीन IAS अधिकारियों ने शिर्डी के एक नामी होटल में खरात से मुलाकात की थी. जानकारी के अनुसार, विनोद नाम के एक करीबी सहयोगी ने इस बैठक के लिए तीन अलग-अलग होटल बुक किए थे. एक होटल में खरात रुका, दूसरे में अधिकारी और तीसरे में गुप्त बैठक आयोजित की गई. पुलिस अब इस ‘विनोद’ और उन तीन अधिकारियों के कनेक्शन की जांच कर रही है.
खरात के ऑफिस बॉय नीरज से हुई पूछताछ में एसआईटी को 40 से अधिक महिलाओं के मोबाइल नंबर मिले हैं. पुलिस को एक पेनड्राइव मिली है जिसमें 58 अश्लील वीडियो हैं. इन वीडियो में कथित तौर पर कई हाई-प्रोफाइल महिलाओं और सेलिब्रिटीज के होने की आशंका है.
पुलिस हिरासत में होने के बावजूद खरात अपनी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों का सटीक भविष्य बताने का दावा कर सहानुभूति बटोरने की कोशिश की. नासिक क्राइम ब्रांच ने खरात को पकड़ने के लिए इलाके में चोरी की झूठी खबर फैलाकर सर्च ऑपरेशन का ड्रामा रचा था ताकि वह भाग न सके. जमीन सौदे संभालने वाला उसका एजेंट दीपक लोंढे और ऑफिस बॉय नीरज पहले से ही पुलिस की रडार पर हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

