कुरुक्षेत्र। जिला जेल कुरुक्षेत्र एक बार फिर सुरक्षा में बड़ी चूक को लेकर सुर्खियों में है। बंबीहा गैंग से जुड़े एक अपराधी ने न केवल जेल के भीतर मोबाइल का इस्तेमाल किया, बल्कि बैरक के अंदर हुक्का पीते हुए वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। अंबाला पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद अब कुरुक्षेत्र पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

इंस्टाग्राम पर रील बनाकर युवाओं को उकसाया

जांच में सामने आया कि हत्या, लूट और अपहरण जैसे संगीन मामलों में बंद अपराधी दिलबर (निवासी अंबाला) ने जेल के भीतर की तस्वीरें और वीडियो अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किए थे। 56 सेकंड के इस वीडियो में जेल की बैरक के अंदर 7-8 कैदी बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में अपराधी एक प्लास्टिक की बाल्टी पर रखे हुक्के का कश लगाता दिख रहा है। पुलिस के अनुसार, इन वीडियो के जरिए आरोपी युवाओं को अपराध की दुनिया की ओर आकर्षित करने और अपने गैंग से जुड़ने के लिए उकसा रहा था।

अंबाला से कुरुक्षेत्र पहुंची जांच की आंच

शुरुआत में अंबाला पुलिस ने दिलबर को 24 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर जांच शुरू की थी। पहले लगा कि यह वीडियो अंबाला जेल का है, लेकिन साइबर सेल और जेल रिकॉर्ड की पड़ताल में खुलासा हुआ कि यह वीडियो जिला जेल कुरुक्षेत्र का है। आरोपी दिलबर 25 जुलाई 2023 से 5 सितंबर 2024 तक कुरुक्षेत्र जेल में बंद था। अंबाला पुलिस ने अपनी रिपोर्ट कुरुक्षेत्र पुलिस को भेजी, जिसके बाद अब सिटी थानेसर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।

बैरक में मोबाइल और हुक्का: जेल प्रबंधन पर सवाल

वीडियो में दिलबर के साथ उसका साथी अंकित ढांडा भी नजर आ रहा है, जिसने अपनी आईडी से भी ये वीडियो शेयर किए थे। जेल जैसी संवेदनशील जगह पर मोबाइल पहुंचना और सरेआम हुक्का पीना जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सवाल यह भी है कि करीब एक साल तक ये वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद रहे, लेकिन स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी।

पुलिस का पक्ष

थाना सिटी थानेसर के एसएचओ (SHO) सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अंबाला पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी दिलबर और अंकित ढांडा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दिलबर पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जेल के भीतर मोबाइल और हुक्का पहुंचाने में किन अधिकारियों या कर्मचारियों की मिलीभगत थी।