गयाजी। तीर्थ नगरी गया के गांधी मोड़ इलाके (वार्ड संख्या-4) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जनसुविधा के लिए बनी सरकारी पानी टंकी के कमरे को अवैध रूप से मटन शॉप में तब्दील कर दिया गया है। सार्वजनिक स्थान पर धड़ल्ले से मांस काटे जाने की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष है।
नियमों की धज्जियां और गंदगी का अंबार
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार सरकार ने खुले में मांस और मछली की बिक्री पर कड़ा प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद, एक सरकारी परिसर के भीतर मटन की दुकान का संचालन कहीं न कहीं विभाग की मिलीभगत की ओर इशारा करता है। दुकान के कारण आसपास के व्यस्त इलाके में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है।
श्रद्धालुओं की आस्था
गांधी मोड़ का यह मार्ग गया-पटना मुख्य सड़क को जोड़ता है, जहां दिनभर यात्रियों और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला के दौरान यह क्षेत्र अत्यधिक संवेदनशील हो जाता है। लोगों का तर्क है कि आगामी गर्मी के मौसम में राहगीर इसी पानी टंकी पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में सार्वजनिक पेयजल केंद्र पर मांस का कटना न केवल अस्वच्छ है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी आहत कर रहा है।
नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त ने संज्ञान लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति का इस तरह दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है और प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दुकान को हटाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

