गयाजी। होली के त्यौहार पर जहां लोग रंगों में डूबे थे, वहीं इमामगंज प्रखंड के केंदुआ गांव में एक अनोखा ‘मिलन’ देखने को मिला। करीब दो साल से चल रहे प्रेम प्रसंग को उस वक्त सामाजिक मुहर मिल गई, जब प्रेमी अपनी प्रेमिका को रंग लगाने उसके घर पहुंचा और पकड़ा गया।

​रंगे हाथ पकड़े गए प्रेमी जोड़े

​पथरा गांव का निवासी सतीश पासवान (24) होली की शाम अपनी प्रेमिका हेमंती कुमारी (20) से मिलने चोरी-छिपे उसके घर पहुंचा था। दोनों एक-दूसरे को गुलाल लगा ही रहे थे कि तभी लड़की के परिजनों ने उन्हें देख लिया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​पंचायत का फैसला: ‘चट मंगनी पट ब्याह’

​गांव में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। कुछ लोगों ने नाराजगी जताई, तो कुछ ने प्रेम का समर्थन किया। चूंकि दोनों बालिग थे और पिछले दो साल से उनके अफेयर की चर्चा पूरे इलाके में थी, इसलिए गांव के बुजुर्गों और प्रबुद्ध लोगों ने एक बड़ा फैसला लिया। समाज ने तय किया कि जब दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते हैं, तो इसमें देरी कैसी?

​मंदिर में गूंजी शहनाई

​सामाजिक सहमति के बाद तुरंत गांव के मंदिर को सजाया गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मौजूदगी में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ सतीश और हेमंती की शादी संपन्न कराई गई। ग्रामीणों ने इस पहल को ‘प्रेम की जीत’ और एक सकारात्मक सामाजिक कदम बताया है। अब इलाके में होली के हुड़दंग से ज्यादा चर्चा इस ‘सरप्राइज शादी’ की हो रही है।