पटना। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में एक सुरक्षा गार्ड ने अपने ही मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पटना (बिहार) निवासी अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है।
छुट्टी को लेकर बढ़ा विवाद
वारदात सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे की है। आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा पिछले कुछ दिनों से अवकाश की मांग कर रहा था। बताया जा रहा है कि अभिषेक शर्मा ने जब छुट्टी देने से इनकार किया, तो दोनों के बीच तीखी बहस हुई। आवेश में आकर रवींद्र ने अपनी डबल बैरल राइफल से मैनेजर के सीने में गोली दाग दी। बैंक परिसर में फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी अपने एक साथी के साथ हथियार लहराते हुए फरार हो गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गोली लगते ही अभिषेक खून से लथपथ होकर गिर पड़े। बैंक कर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें बाइक पर बिठाकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन घाव गहरा होने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अभिषेक अगस्त 2025 से गाजियाबाद में अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे और मूल रूप से पटना के फुलवारीशरीफ के निवासी थे।
पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को वारदात के बाद भागते देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, रवींद्र हुड्डा बागपत का रहने वाला है और करीब तीन महीने पहले ही बैंक में भर्ती हुआ था। वारदात वाले दिन वह ड्यूटी पर नहीं था, लेकिन मैनेजर के फोन करने के बाद वह सादे कपड़ों (कुर्ता-पायजामा) में बंदूक लेकर बैंक पहुंचा था। एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

