झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और धनवार से बीजेपी विधायक बाबूलाल मरांडी के खिलाफ गिरिडीह के नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी) के मोहम्मद मंसूर की शिकायत पर दर्ज हुई है। मामला नगर निकाय चुनाव के लिए प्रचार अवधि समाप्त होने के बाद होटल में बैठक से जुड़ा हुआ है। गिरिडीह में नगर निगम के लिए शनिवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थमने के बाद बाबूलाल मरांडी की ओर से होटल में बैठक करने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जेएमएम की शिकायत के बाद प्रशासन की ओर से आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है।
दरअसल, 21 फरवरी की शाम 5 बजे प्रचार समाप्त हो गया था। प्रचार समाप्त होने के बाद देर शाम लगभग 8 बजे भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी गिरिडीह बस स्टैंड के निकट स्थित एक होटल पहुंचे। वे भोजन करने इस होटल में आए थे। यहां उनके समर्थक भी मौजूद थे। होटल के हॉल में सभी बैठे थे। कहा जा रहा वहां है कि निकाय चुनाव में बीजेपी समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में बैठक चल रही थी। तभी सदर एसडीएम श्रीकांत विस्पुते पहुंचे और हाथ जोड़ते हुए कहा कि एक साथ इतनी भीड़ नहीं रहनी है। इतना सुनते ही बाबूलाल मरांडी होटल से निकल गए।
जेएमएम के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने प्रेस वार्ता कर शहर में बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी पर सवाल उठाया था। संजय सिंह ने कहा कि सूबे के मंत्री सुदिव्य कुमार न सिर्फ गिरिडीह निगम क्षेत्र के निवासी हैं बल्कि मतदाता भी हैं। वह भी लोगों के साथ बैठक नहीं कर रहे हैं, मगर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वोटर नहीं हैं तो ऐसे में शहर में इनकी मौजूदगी आचार संहिता की दृष्टिकोण से सही नहीं है।
इस मामले में बाबूलाल मरांडी और 100 अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आगामी निकाय चुनावों के कारण लागू आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। उड़नदस्ता ने शनिवार रात को मामला दर्ज किया। गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया शनिवार शाम को नगर थाने में आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत दर्ज की गई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


