Bihar News: बीजेपी के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। गाजियाबाद में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि, ममता बनर्जी और TMC हताशा में हैं। इस बार वहां के लोगों ने कमर कस ली है कि बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनाने देंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, TMC के जो गुंडे धमकी दे रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि भाजपा सरकार बनेगी तो TMC के जो गुंडे धमका रहे हैं, उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा।

ममता ने किया सौतेला व्यवहार- नितिन नवीन

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए होने वाले मतदान को अब कुछ दिन ही शेष हैं। ऐसे में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी और प्रचार का सिलसिला पहले से और तेज हो गया है। इसी क्रम में आज गुरुवार (9 अप्रैल) को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने चाकुलिया में एक जनसभा को संबोधित कर बीजेपी के पक्ष में प्रचार किया और वोट मांगा।

इस दौरान नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि, ममता दीदी की सरकार ने इस पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ जो सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि, ‘मां-माटी और मानुष’ के नारे से जो सरकार आई थी, जो सरकार चल रही है, लेकिन दुर्भाग्य है कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे ममता दीदी की निर्ममता ने ठगा नहीं।

माटी-मानुष को सुरक्षित करने का समय- नितिन नवीन

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि, आज पश्चिम बंगाल की माता-बहनों को संदेशखाली से लेकर, आरजी कर तक, पार्क स्ट्रीट से लेकर कामदुनी तक, असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। इन्हें असुरक्षित किसने किया? जो जनसांख्यिकी बदल रही है, क्या वो हमारी मां-बहनों को चुनौती नहीं दे रही है?

नितिन नवीन ने कहा कि, मैं पश्चिम बंगाल के युवाओं से आग्रह करता हूं कि आपकी मां-बहनों का जो अपमान कर रहा है, उससे बदला लेने का समय आ गया है। इस बार हमें मां को भी सुरक्षित करना है, माटी को भी सुरक्षित करना है और मानुष को भी सुरक्षित करने का समय आ गया है।

दो चरणों में होगी वोटिंग

बता दें कि 294 विधानसभा सीटों वाले पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। जबकि 4 मई को परिणाम सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- ‘बन कर भीगी बिल्ली, चाचा चले गए दिल्ली’, CM नीतीश पर रोहिणी ने कसा तंज, बोलीं- काश आप बिना…