अनुराग शर्मा, सीहोर। भारतीय जनता पार्टी ने आज अपने स्थापना दिवस के अवसर पर सीहोर में एक बार फिर नए जिला कार्यालय के निर्माण का शंखनाद किया है। इछावर रोड स्थित निर्धारित भूमि पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर भूमिपूजन की औपचारिकता पूरी की। हालांकि, कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच शहर के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि क्या इस बार वास्तव में नींव के पत्थर के ऊपर दीवारें खड़ी हो पाएंगी ?
हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा ‘नया ठिकाना’
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा के अनुसार, प्रस्तावित कार्यालय लगभग 10 हजार वर्गफीट के विशाल क्षेत्र में फैला होगा। लगभग 1.5 से 2.5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाला यह भवन पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के लिए पृथक कक्ष, मीटिंग हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और चुनाव प्रबंधन के लिए एक अत्याधुनिक “वार रूम” बनाया जाएगा। साथ ही, दूर-दराज से आने वाले पदाधिकारियों के विश्राम के लिए गेस्टहाउस की सुविधा भी रहेगी।
भूमिपूजन की हैट्रिक: उम्मीद और आशंका के बीच कार्यकर्ता
गौरतलब है कि सीहोर में भाजपा कार्यालय का निर्माण लंबे समय से एक पहेली बना हुआ है। यह तीसरी या चौथी बार है जब अलग-अलग जिला अध्यक्षों के कार्यकाल में भूमिपूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सबसे पहले साल 2016 में कार्यालय के लिए भूमि क्रय कर भूमिपूजन किया गया था। उसके बाद भी कई बार योजनाएं बनीं, लेकिन निर्माण कार्य धरातल पर नहीं उतर सका। वर्तमान में पार्टी का जिला कार्यालय किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जिसके कारण स्थान परिवर्तन की समस्या बनी रहती है।
लक्ष्य: 6 अप्रैल 2027 को लोकार्पण
पार्टी नेतृत्व ने इस बार दृढ़ संकल्प जताते हुए दावा किया है कि निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। योजना के अनुसार, अगले वर्ष 6 अप्रैल 2027 को इसका विधिवत लोकार्पण किया जाना तय है। अब क्षेत्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह नया ‘संकल्प’ बीते सालों के अधूरे वादों को पीछे छोड़ पाएगा या यह भी केवल चुनावी और सांगठनिक रस्म अदायगी बनकर रह जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

