GT vs RR IPL 2026: आईपीएल में आज सीजन का पहला डबल हेडर है। आज शाम दिन के दूसरे मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें आमने-सामने होंगी। राजस्थान ने चेन्नई के खिलाफ जीत के साथ आईपीएल 2026 का आगाज किया था, तो वहीं गुजरात इस सीजन का अपना पहला मैच पंजाब से हार गई थी। ऐसे में जहां गुजरात पहली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, वहीं राजस्थान लगातार दूसरी जीत दर्ज करना चाहेगी।

बता दें कि गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह मुकाबला आज शाम 7:30 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जबकि टॉस आधे घंटे पहले यानी 7 बजे होगा। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

गुजरात और राजस्थान के बीच हेड टू हेड में शुभमन गिल की टीम का पलड़ा भारी है। गुजरात ने अब तक राजस्थान को 6 बार हराया है, वहीं राजस्थान की टीम गुजरात से सिर्फ दो बार ही जीत सकी है।

राजस्थान की टीम कागज पर ज्यादा मजबूत

गुजरात के मुकाबले राजस्थान रॉयल्स की टीम कागज पर ज्यादा मजबूत नजर आती है। इस सीजन नए कप्तान और नए कोच के साथ उतरी टीम संतुलित दिख रही है। राजस्थान की निगाहें एक बार फिर अपने युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी पर होंगी, जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाकर शानदार शुरुआत की थी। महज 15 साल का यह बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में खेलते हुए गुजरात के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को चुनौती देने के लिए तैयार है। पिछले सीजन में भी उन्होंने गुजरात के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा था, ऐसे में एक बार फिर वह टीम के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकते हैं।
रणनीति की बात करें तो जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर जैसे तेज गेंदबाज शुरुआती ओवरों में दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। हालांकि रियान पराग की कप्तानी को लेकर अब भी सवाल बने हुए हैं, लेकिन टीम संतुलन के लिहाज से मजबूत दिखाई देती है।

गुजरात के पास मजबूत गेंदबाजी विकल्प, बल्लेबाजो पर होगी नजर

गुजरात टाइटंस की ताकत उसकी तेज गेंदबाजी है। टीम के पास कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे गेंदबाज हैं, जो किसी भी बल्लेबाजी क्रम को मुश्किल में डाल सकते हैं। हालांकि पिछले मैच में कप्तान शुभमन गिल की रणनीति पर सवाल उठे थे, ऐसे में इस मुकाबले में उनसे बेहतर फैसलों की उम्मीद रहेगी।

बल्लेबाजी की बात करें तो गुजरात काफी हद तक अपने टॉप ऑर्डर पर निर्भर नजर आती है। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर को बड़ी पारियां खेलनी होंगी। वहीं मध्यक्रम में शाहरुख खान, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया को भी जिम्मेदारी निभानी होगी, क्योंकि अब तक उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। इस मैदान पर बड़े स्कोर बनना आम बात है और बल्लेबाज खुलकर रन बना सकते हैं। हालांकि मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है और वे शुरुआती विकेट निकाल सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद रन गति पर ज्यादा असर नहीं पड़ता।

आईपीएल के पिछले सीजन में यहां पहली पारी का औसत स्कोर करीब 215 रन रहा था, जो इस पिच की बल्लेबाजी-फ्रेंडली प्रकृति को दर्शाता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है। यहां ओस का प्रभाव ज्यादा नहीं रहता, इसलिए पहले बड़ा स्कोर खड़ा कर लेने के बाद उसे डिफेंड करना भी आसान साबित होता है।

गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की संभावित प्लेइंग 11

गुजरात टाइटंस (GT)

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा/जेसन होल्डर, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा।

राजस्थान रॉयल्स (RR)

वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, बृजेश शर्मा।

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर मैच का सीधा प्रसारण शाम 7:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H