एस आर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना में शनिवार को एक आरोपी कस्टडी से फरार हो गया। बछड़े का कटा सिर मिलने के मामले में हिंदू संगठन ने जमकर हंगामा किया। वहीं 200 रुपए लेकर e-KYC करने पर 2 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। एक कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है वहीं लापता युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।

कस्टडी से आरोपी फरार

गुना जिले के थाना मधुसूदनगढ़ में पुलिस कस्टडी से एक आरोपी फरार हो गया। कस्टडी से भागने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। आरोपी दिनेश भील मोटरसाइकिल चोरी में पकड़ा गया था। जिसके बाद उसे थाने में लॉकअप में बंद किया गया था। लेकिन वह रात में फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद एसपी हितिका वासल ने तीन लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। थाना प्रभारी टीम के साथ आरोपी की तलाश कर रहे हैं।

बछड़े का कटा सिर मिलने पर गौसेवकों ने किया चक्काजाम

इंडस्ट्रीज एरिया में 6 मार्च को गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने की घटना को लेकर आज हिंदू संगठन सड़क पर उतर गया। गौसेवकों ने आज गुना के हनुमान चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। मामले को लेकर कैंट थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया था। 

इन आरोपियों पर पहले भी कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। गौसेवकों ने इन आरोपियों पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप लगाया था। साथ ही उनके मकानों को अतिक्रमण बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। उनका कहना है जिला कलेक्टर को पहले भी इस संबंध में आवेदन दिया जा चुका है। 

गौ सेवकों ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और रोड जाम करने की चेतावनी दी। चक्का जाम होने के बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर जाम खुलवाया। चक्का जाम कर रहे गौ सेवको ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया और आरोपियों की भर तोड़ने की मांग की।

200 रुपए लेकर ई-केवाईसी करने कर्मचारी पर एक्शन दो कर्मचारी बर्खास्त

जिले में प्रशासन ने शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के दो आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों के बीच भी स्पष्ट संदेश गया है कि अनियमितता और भ्रष्टाचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, बमोरी ब्लॉक में पदस्थ ब्लॉक समन्वयक राजेन्द्र राय पर गंभीर आरोप लगे थे कि वह नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से ई-केवाईसी के नाम पर 200-200 रुपए की अवैध वसूली कर रहे थे। इस संबंध में कई कार्यकर्ताओं ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए।

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन में जिला कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल गफ्फार द्वारा एक जांच समिति गठित की गई। समिति ने सभी तथ्यों की बारीकी से जांच करते हुए संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए और दस्तावेजों का परीक्षण किया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर समिति ने अपनी रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंपी, जिसके आधार पर राजेन्द्र राय को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया।

वहीं दूसरी ओर, चांचौड़ा परियोजना में कार्यरत ब्लॉक समन्वयक रामजीवन मीना पर भी अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप सामने आए। बताया गया कि वह लंबे समय से बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे थे। विभाग की ओर से उन्हें कई बार नोटिस जारी कर कार्य पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, लेकिन उन्होंने न तो कोई संतोषजनक जवाब दिया और न ही अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

बार-बार अनुपस्थित रहने, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने और विभागीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के चलते प्रशासन ने उनके खिलाफ भी कठोर कदम उठाया और उन्हें पद से हटा दिया गया।

दोनों मामलों में संबंधित आउटसोर्स एजेंसी टी एंड एम स्विसेज कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड ने कर्मचारियों के कदाचार और अनुशासनहीनता को आधार बनाते हुए उनकी सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल का कहना है कि भविष्य में भी यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ इस तरह की शिकायतें मिलती हैं, तो उस पर इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भगत सिंह कॉलोनी में बड़ी चोरी

कैंट थाना क्षेत्र के भगत सिंह कॉलोनी में देर रात बड़ी चोरी की वारदात हो गई। एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाकर चोरों ने इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस को स्कॉर्पियो गैंग पर शक है। फिंगरप्रिंट टीम बारीकी से सुराग ढूंढ रही है। सूत्रों के मुताबिक इस वारदात में स्कॉर्पियो वाहन से आए एक संगठित गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही टीआई सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। वहीं फिंगरप्रिंट टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से हर कोने की जांच की। टीम ने दरवाजों, अलमारियों और अन्य स्थानों से फिंगरप्रिंट और अहम साक्ष्य जुटाए हैं। बताया जा रहा है कि चोर पूरी योजना के साथ आए थे और अलग-अलग घरों में सेंध लगाकर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है

 लापता युवक का शव मिलने से सनसनी 

बजरंगगढ़ में लापता युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आरोन निवासी 28 वर्षीय कमल साहू 2 अप्रैल से लापता था। शनिवार सुबह उसका शव चौपेट नदी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार के अनुसार युवक ससुराल और हनुमान टेकरी जाने की बात कहकर निकला था। 3 अप्रैल तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को नदी किनारे लॉक लगी उसकी बाइक मिलने पर सर्चिंग शुरू हुई। शनिवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में नदी में शव दिखाई दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m