रायपुर/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आज गरियाबंद, धमतरी, सरगुजार सहित कई इलाकों में बारिश हुई। जमकर ओले भी गिरे। बेमौसम बारिश से महुआ और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक झुलस गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिन प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।
गरियाबंद के सीनापाली गांव में 35 वर्षीय गोविंद पटेल इमली के पेड़ के नीचे खड़े होकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से गोविंद पटेल की पीठ का हिस्सा झुलस गया, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। गोविंद ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे मौत छूकर निकल गई। बिजली गिरने से इमली के विशाल पेड़ का एक बड़ा हिस्सा भी झुलस गया।


घटना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को देवभोग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू के अनुसार युवक की पीठ का छोटा हिस्सा झुलसा है। प्राथमिक उपचार कर दवाइयां दी गई है और अंदरूनी चोटों की जांच की जा रही है।
छुरा इलाके में जमकर गिरे ओले
गरियाबंद जिले में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। पूरे दिन काले बादल छाए रहे और तेज अंधड़ चला। शाम से पहले छुरा तहसील के रुवाड और बाघमार इलाके में जमकर ओलावृष्टि हुई, जबकि गरियाबंद और देवभोग तहसील में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही।
महुआ और आम की फसल को नुकसान
अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण महुआ और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक करीब 30 प्रतिशत महुआ की फसल प्रभावित हुई है, वहीं आम के फल और मौर भी झड़ गए हैं, जिससे आम की आवक पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

