सिद्धार्थ शरद/ हाजीपुर। आस्था और परंपरा का अनूठा संगम आज हाजीपुर की सड़कों पर देखने को मिला। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने अपनी दशकों पुरानी परंपरा को निभाते हुए बाबा पातालेश्वर नाथ मंदिर से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली। हर साल की तरह इस बार भी वे स्वयं बैलगाड़ी हांककर भोलेनाथ के ‘सारथी’ बने।
35-40 वर्षों से निभा रहे हैं परंपरा
नित्यानंद राय अपने छात्र जीवन से ही इस आयोजन से जुड़े हुए हैं। पिछले लगभग 35-40 वर्षों से वे लगातार इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। बारात प्रस्थान से पहले मंत्री ने मंदिर में विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और विशेष आरती उतारी। इसके बाद, उन्होंने साधारण वेशभूषा में बैलगाड़ी की कमान संभाली और ‘सारथी’ की भूमिका में नजर आए।
आकर्षण का केंद्र: भूत-प्रेत की टोली और झांकियां
हाजीपुर की यह शिव बारात बिहार की सबसे पुरानी और विशाल बारातों में से एक मानी जाती है। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बारात में बैंड-बाजे, भव्य झांकियां और विशेष रूप से ‘भूत-प्रेत’ की वेशभूषा में नाचते-गाते युवाओं की टोलियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं।
प्रधानमंत्री के विश्व गुरु भारत का संकल्प
इस मौके पर नित्यानंद राय ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर महादेव का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना जल्द ही साकार होगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


