Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम जी का दरबार इन दिनों सुर्खियों में है। दुनिया भर में अपनी महिमा के लिए मशहूर बाबा श्याम के मंदिर में सोमवार को एक खास चेहरा नजर आया। भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर और टर्बनेटर के नाम से मशहूर हरभजन सिंह ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

वर्ल्ड कप जीत की खुशी और बाबा का आशीर्वाद
दरअसल, रविवार 8 मार्च को भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक फाइनल मैच में हरभजन सिंह कमेंट्री बॉक्स से टीम का उत्साह बढ़ा रहे थे। बता दें कि जीत के ठीक अगले ही दिन भज्जी बाबा श्याम के दरबार में पहुंचे। हरभजन ने मंदिर में मत्था टेका और बाबा से देश, प्रदेश और विशेष रूप से भारतीय क्रिकेट टीम के निरंतर जीत की राह पर आगे बढ़ते रहने की कामना की।
जयपुर से सीधा खाटू नगरी का सफर
गौरतलब है कि हरभजन सिंह रविवार को एक दिवसीय दौरे पर जयपुर आए हुए थे। यहाँ से उन्होंने भारतीय टीम के लिए हिंदी और पंजाबी भाषा में कमेंट्री की थी। टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था, जिसके चलते वे अपना दौरा पूरा कर सीधे बाबा श्याम के चरणों में हाजिरी लगाने खाटू पहुंच गए।
श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्रिमंडल चौहान ने हरभजन सिंह का भव्य स्वागत किया और उन्हें बाबा श्याम का दुपट्टा व प्रतीक चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद दिलवाया। मंदिर कमेटी कार्यालय में करीब आधा घंटे बिताने के दौरान भज्जी ने दर्शन व्यवस्था की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम के दर पर आने वाले भक्तों के लिए कमेटी ने बहुत ही शानदार इंतजाम किए हैं, जिसे देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई।
फैंस की उमड़ी भीड़
जैसे ही खाटू नगरी में क्रिकेट प्रेमियों को भज्जी के आने की खबर मिली, मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। इस दौरान कई क्रिकेट फैंस ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी के साथ मुलाकात की और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। हरभजन सिंह का यह दौरा क्रिकेट और आस्था के मिलन के रूप में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पढ़ें ये खबरें
- चीखता रहा मासूम, फिर भी… बच्चे की पिटाई देख हो जाएंगे विचलित
- Amit Shah Live : नक्सलवाद के खात्मे पर लोकसभा में चर्चा, गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- नक्सल मुक्त हुआ छत्तीसगढ़ …
- भूषण गगरानी के बाद मुंबई BMC का अगला आयुक्त कौन? देश की सबसे अमीर महानगरपालिका पर टिकी सबकी नजरें
- नशा मुक्ति केंद्र में आदिवासी युवक के साथ बर्बरता! लत छुड़ाने के नाम पर दिए गहरे जख्म, संचालिका के बेटे पर FIR दर्ज
- CG Promotion News : पुलिस विभाग में 16 अधिकारियों का DSP पद पर प्रमोशन, देखें सूची…
