Haryana News : गुरुग्राम (मानेसर) : गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्र IMT मानेसर में एक निजी कंपनी में हड़ताल के दौरान मजदूरों के उग्र होने से स्थिति तैनावपूर्ण बन गई. प्रदर्शनकारी मजदूरों द्वारा कंपनी परिसर में तोड़फोड़ करने और मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव करने से यह स्थिति निर्मित हुई है. इस हिंसा के बाद इलाके में BNSS की धारा 163 लागू कर दी गई है. अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

वेतन वृद्धि को लेकर भड़की चिंगारी

जानकारी के अनुसार, मजदूर अपनी सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले कुछ समय से हड़ताल पर थे. इस हड़ताल में बड़ी संख्या में महिला श्रमिक भी शामिल हैं. प्रदर्शन के दौरान माहौल तब गरमा गया जब मजदूरों ने पुलिस की गाड़ियों को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया. स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिससे मौके पर तनाव और बढ़ गया.

कंपनियों का कामकाज ठप

मजदूरों के अचानक हड़ताल पर जाने और इस हिंसक झड़प के कारण औद्योगिक क्षेत्र में कंपनियों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है. उत्पादन रुकने से कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है.

प्रशासन की अपील: “काम पर लौटें श्रमिक”

फिलहाल घटना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है. पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारी श्रमिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि मजदूर किसी के बहकावे में न आएं और नियमित रूप से अपने काम पर लौटें. प्रशासन ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.