नरेश शर्मा, रायगढ़। रायगढ़ जिले के छाल रेंज में एक बार फिर इंसान और वन्यजीव के बीच अनोखा तालमेल देखने को मिला। यहां जंगल से निकलकर सड़क किनारे पहुंचे हाथियों के एक दल को “हाथी मित्र दल” की टीम ने बड़ी सूझबूझ के साथ सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर बढ़ा दिया।


रविवार की शाम छाल रेंज में यह नजारा उस समय देखने को मिला, जब हाथियों का दल अचानक जंगल से निकलकर सड़क किनारे आ गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंचे हाथी मित्र दल के सदस्यों ने बिना किसी हड़बड़ी के शांतिपूर्वक हाथियों को आगे बढ़ने का संकेत दिया। खास बात यह रही कि टीम की आवाज और इशारों को समझते हुए हाथियों का दल धीरे-धीरे आगे बढ़ता हुआ जंगल की ओर निकल गया।
स्थानीय लोगों के लिए यह दृश्य बेहद रोमांचक और हैरान करने वाला था, क्योंकि जंगली हाथियों का इस तरह इंसानी निर्देशों का पालन करना कम ही देखने को मिलता है। हालांकि, छाल रेंज में इससे पहले भी ऐसे कई उदाहरण सामने आ चुके हैं, जहां हाथी मित्र दल की सक्रियता और समझदारी से संभावित खतरे टल चुके हैं।
वन विभाग और हाथी मित्र दल की यह पहल मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में अहम भूमिका निभा रही है। समय रहते की गई ऐसी कोशिशें न केवल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं, बल्कि हाथियों को भी सुरक्षित वातावरण प्रदान करती हैं।
देखिये वीडियो-
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

