अरविन्द मिश्रा, बलौदाबाजार। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में बड़ा हादसा टल गया। पहली घटना गिधपुरी थाना क्षेत्र में हुई, जहां तेज रफ्तार मोपेड सवार एक व्यक्ति साइन बोर्ड से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई, जहां तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा, हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

सावधान बोर्ड से टकराकर मोपेड सवार की मौत
पहली घटना गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम तेलासी की है। यहां 56 वर्षीय बीरबल ढीमर अपने मोपेड से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह तेज रफ्तार में थे और वाहन अनियंत्रित होकर उस स्थान पर गिर गया, जहां रफ्तार धीमी करने का संकेत बोर्ड लगा हुआ था। अनियंत्रित मोपेड सीधे सड़क किनारे लगे सावधान बोर्ड से टकरा गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर में घुसा हाईवा
वहीं दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम झोंका लटुवा में हुई। यहां एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे एक घर में जा घुसा। गनीमत रही कि घर के बाहर रेत और गिट्टी का ढेर लगा हुआ था, जिससे वाहन की रफ्तार कम हो गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय घर के लोग अंदर मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित हैं।

बताया जा रहा है कि हाईवा चालक नशे की हालत में था और तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

