सतीश दुबे, डबरा। सर्वाइकल वैक्सीनेशन के बाद बरकारी गांव की 6 बच्चियों को एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी को पेट दर्द और उल्टी जैसी समस्या हुई थी। सभी का डबरा सिविल हॉस्पिटल में इलाज जारी है। 

बच्चियों के ब्लड टेस्ट भी लिए गए हैं। इन सभी बच्चियों को 10 मार्च को वैक्सीनेशन के कारण तबीयत बिगड़ने पर इलाज के बाद घर भेज दिया गया था। लेकिन फिर से हालत खराब होने पर उन्हें अस्पताल लाया गया है।

यह भी पढ़ें: HPV वैक्सीन लगने से 5 बच्चियों की बिगड़ी हालत: सिविल अस्पताल में भर्ती, परिजन बोले- बिना बताए लगाई वैक्सीन; सर्वाइकल कैंसर बचाव अभियान के तहत लगा टीका

बच्चियों और उनके परिजनों का आरोप है कि उन्हें बिना बताए आशा कार्यकर्ता पार्वती और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर से शासन की तमाम योजनाओं का लाभ देने की बात कहकर अपने साथ उप स्वास्थ्य केंद्र पिछोर लेकर आई और यहां उनका वैक्सीनेशन करा दिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। 

बीमार होने वाली बच्चियों के नाम अंजली केवट, भारती जाटव, रजनी बाथम, पूनम सेन, रेखा बाथम और नेहा बाथम है। अहम बात यह है कि गाइडलाइन के अनुसार वैक्सीनेशन वाली बच्चियों की उम्र 14 साल से अधिक होनी चाहिए। लेकिन इन बच्चियों की उम्र भी कम है।

यह भी पढ़ें: अजब-गजब! HPV वैक्सीन लगाने के बाद तबीयत बिगड़ने का मामला, CMHO ने मोमोज-फिंगर चिप्स को बताया कारण

 इस पूरे मामले में सीएमएचओ सचिन श्रीवास्तव का बयान भी सामने आया था जिसमें उन्होंने सभी बच्चियों की तबियत खराब होने की वजह मोमोज और फिंगर चिप्स खाना बताया था। वहीं इस मामले में सिविल अस्पताल के BMO डॉ.आलोक त्यागी ने कहा, ‘ वैक्सीन पूरी तरह सेफ है और बच्चियों के बेहतर स्वास्थ्य और सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी से बचाव के लिए लगाई जा रही है। बच्चियों की तबीयत कैसे बिगड़ी इसके कारण की जानकारी जुटा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m