Pappu Yadav News: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज मंगलवार (10 फरवरी) को कोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे पहले कल यह सुनवाई होनी थी। हालांकि सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए अचानक कल की सुनवाई को टालना पड़ा था।

पप्पू यादव को पटना पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया है। जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। गिरफ्तारी के बाद से ही पप्पू यादव अस्पताल में भर्ती थे हालांकि देर रात उन्हें पीएमसीएच में मेडिकल चेकअप के बाद बेऊर जेल में शिफ्ट कर दिया। फिलहाल पप्पू यादव बेऊर जेल में बंद हैं।

कल अचानक टालनी पड़ी थी सुनवाई

दरअसल, कल एमपी-एमएलए कोर्ट में पप्पू यादव के जमानत पर सुनवाई होनी थी। हालांकि इस बीच पटना सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद अदालत परिसर में हड़कंप मच गया। वहीं, सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पप्पू यादव के जमानत याचिका की सुनवाई को स्थगित करना पड़ा।

किराए के मकान पर कब्जा का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट ने बीते दिनों सांसद पप्पू यादव सहित 3 लोगों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश दिया था। इन सभी पर धोखाधड़ी कर किराए के मकान पर कब्जा करने का आरोप है। यह पूरा मामला साल 1995 का बताया जा रहा है, जिसकी शिकायत पटना के गर्दनीबाग थाने में दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में पटना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात पप्पू यादव को पटना स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था।

बिहार में सियासी हलचल तेज

पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज है। इस दौरान जेल से लेकर अस्पताल तक सांसद के समर्थक उनके साथ मौजूद रहें। वहीं, जगह-जगह बिहार युवा कांग्रेस द्वारा सांसद की गिरफ्तार के विरोध में सीएम नीतीश का पुतला भी दहन किया गया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। पप्पू यादव ने अपनी जान को खतरा बताया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा बजट सत्र के छठे दिन की कार्यवाही शुरू, विपक्ष का हंगामा, सदन का किया बहिष्कार