High-Profile Gambling Racket Busted : रायपुर। पुलिस ने हाई-प्रोफाइल जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अभनपुर थाना क्षेत्र में छापेमार (Police Raid) कार्रवाई करते हुए खेतों के बीच चल रहे जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। इस दौरान पुलिस ने जुआ (Gambling) खेल रहे दो आरोपियों को पकड़ा, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वहीं मौके से 6 लाख से अधिक कैश, एक लग्जरी मर्सिडीज कार और आईफोन जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर ग्रामीण और धमतरी जिले की सीमा पर ग्राम टोकरो के पास खेतों में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और डीएसपी नवा रायपुर के नेतृत्व में अभनपुर थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस टीम को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार जुआरियों के नाम

राहुल सिंह (34 वर्ष), निवासी सेक्टर 10, भिलाई
रितेश कुमार (36 वर्ष), निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा, रायपुर

जब्त सामग्री

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 6 लाख 34,000 रुपये नगद राशि, CG 07 CU 9944 नंबर की एक मर्सिडीज कार, 2 आईफोन और एक ताश की गड्डी जब्त की है। जब्त की गई इन सभी सामग्रियों की कुल कीमत लगभग 42.14 लाख रुपये आंकी गई है।