Holika Dahan 2026: बिहार सहित देशभर में आज सोमवार (2 मार्च) को होलिका दहन मनाया जा रहा है। मघा नक्षत्र और सुकर्मा योग के शुभ संयोग में होलिका दहन किया जाएगा। फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा दो दिनों तक रहने के कारण इस बार होली का त्योहार होलिका दहन के अगले दिन यानी 4 मार्च, बुधवार को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, भद्रा के पुच्छ काल में 2 मार्च, सोमवार की देर रात 12:50 बजे से 02:02 बजे के बीच होलिका दहन का सबसे शुभ समय रहेगा।

होलिका दहन से पहले श्रद्धालु विधि-विधान से होलिका की पूजा करेंगे। इस दौरान लोग अपने जीवन के राग-द्वेष, क्लेश और दुखों के नाश की कामना करते हुए उन्हें प्रतीकात्मक रूप से होलिका की अग्नि में समर्पित करेंगे। मान्यता है कि पूजा के समय “ॐ होलिकायै नमः” मंत्र का जाप करने से नकारात्मक प्रभाव और अनिष्ट दोष दूर होते हैं तथा घर में सुख-समृद्धि आती है।

पटना में 445 जगहों पर होलिका दहन

राजधानी पटना में 445 स्थानों पर होलिका दहन का आयोजन होगा। होलिका दहन को लेकर अग्निशमन विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। पटना समेत राज्यभर में 2500 जवानों को लगाया गया है। साथ ही 578 दमकल को अलर्ट पर रखा गया है। सभी फायर अफसरों और कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है।

रोहतास में प्रशासन ने पूरी की तैयारी

होलिका दहन को लेकर रोहतास जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। कल रविवार की देर शाम सासाराम अनुमंडल पदाधिकारी नेहा कुमारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने नगर थाना प्रभारी राजीव रंजन के साथ दलबल के साथ शहर के विभिन्न होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा, साफ-सफाई और अग्निशमन व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने होलिका दहन समिति के सदस्यों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित स्थलों पर ही होलिका दहन किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर के सभी मुख्य स्थानों पर होलिका दहन के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

वहीं एसडीपीओ ने बताया कि, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी होलिका दहन स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

ये भी पढ़ें- होली से पहले मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिमरन होटल के कमरा नंबर 301 में चल रही थी शराब पार्टी, मालिक समेत 5 गिरफ्तार