MP Morning News: दुनिया भर में मनाए जाने वाले होली के त्यौहार की शुरुआत धार्मिक नगरी उज्जैन से हो गई है। जहां सबसे पहले होली के त्यौहार की शुरुआत विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर से हुई। बाबा महाकाल के दरबार में होली का उत्सव बड़े हर्षोल्लास मनाया गया। संध्या आरती में पुजारियों ने महाकाल के साथ होली खेली। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तों ने भक्ति में लीन होकर होली मनाई। संध्या आरती के बाद यहां होलिका दहन किया गया और भक्त बाबा के भजनों में झूमते नजर आए।

मुख्यमंत्री निवास में हुआ होलिका का दहन

सीएम डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर होलिका का दहन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका की विधि-विधान से सपत्नीक पूजा-अर्चना की। होलिका में गौ-काष्ठ का उपयोग किया गया। सीएम ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पदस्थ सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को होली की बधाई दी और प्रसादी के रूप में गुझिया वितरित की। उन्होंने कहा कि होली हम सबको रंगों से सराबोर कर देने वाला त्यौहार है। होली हमें एकजुट रहने की सीख देती है। हम सभी को अपने आपसी मतभेदों को भुलाकर होली से रंगपंचमी तक प्रेमपूर्वक यह त्यौहार मनाना चाहिए।

राज्यपाल और सीएम ने दी बधाई

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने रंगों के पावन पर्व होली की बधाई दी हैं। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द्र, भाईचारे और सामाजिक समरसता का त्यौहार है। यह उत्सव, हमारे जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करता है। रंगों का त्यौहार होली प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और प्रगति लेकर आए। सभी के जीवन में आनंद और उल्लास का संचार करें। वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को होलिका दहन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिक इस पवित्र अग्नि में नकारात्मक तत्वों को समर्पित कर जीवन में मंगल और शुभता का वरदान मांगे। उन्होंने देश और समाज के प्रति अपने योगदान की संपूर्णता का संकल्प लेने का प्रदेशवासियों से आह्वान किया है।

महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी-पेंशनरों को भी मिलेगा लाभ

मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को होली पर बड़ा तोहफा मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को उल्लास व रंगों के त्योहार होली की बधाई और मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को होली के तोहफे के रूप में डीए में वृद्धि की सौगात दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। साथ ही प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर अब 58 प्रतिशत हो जाएगा।

चंद्रग्रहण आज

साल 2026 का पहला चांद ग्रहण आज लगने जा रहा है। भारत में यह ग्रहण ग्रस्तोदय के रूप में दिखाई देगा। मध्य प्रदेश की बात करें तो सबसे पहले सिंगरौली में 6:01 बजे दिखेगा। वहीं सबसे आखिर में आलीराजपुर में नजर आएगा।

भोपाल में करीब 1500 स्थानों पर होलिका दहन

राजधानी भोपाल में करीब 1500 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। इसके साथ ही रंगोत्सव की शुरुआत हो गई है। लेकिन चंद्र ग्रहण के चलते अधिकतर जगहों पर आज होली का कार्यक्रम नहीं होगा। कल यानी 4 मार्च को रंग-गुलाल के साथ होली मनाई जाएगी। शहर के अलग-अलग इलाकों में चल समारोह निकलेगा। होली चल समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इस दौरान पुलिस की नज़र चप्पे चप्पे पर रहेगी। 2 हज़ार से ज्यादा का बल भोपाल शहर में लगाया गया है। पुलिस हर एक चौराहे पर ड्रोन केमरों से निगरानी कर रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों में चेक पॉइंट बनाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होली पर हुड़दंग करने वाले पर तुरंत कार्रवाई होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m