किशनगंज। होली के रंग अपनों के संग खेलने की चाहत रखने वाले प्रवासियों के लिए घर पहुंचना एक बड़ी चुनौती बन गया है। आगामी 4 मार्च को होली है, लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना लगभग असंभव साबित हो रहा है। आलम यह है कि वेटिंग लिस्ट लंबी होने के कारण कई लोगों को मजबूरी में अपनी छुट्टियां पहले लेनी पड़ रही हैं या उन्हें आगे बढ़ाना पड़ रहा है।
प्लेटफॉर्म पर दिख रही घर वापसी की जद्दोजहद
किशनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर शुक्रवार सुबह जब नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस पहुंची, तो यात्रियों के चेहरों पर घर पहुंचने की खुशी के साथ-साथ सफर की थकान और टिकट की जद्दोजहद साफ नजर आई। नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले एक यात्री ने बताया कि अचानक मिली छुट्टी के कारण उन्होंने 6 दिन पहले टिकट बुक कराया था, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं होने के बावजूद उन्हें किसी तरह सफर पूरा कर घर पहुंचना पड़ा।
कन्फर्म सीट के लिए बदली प्लानिंग
रेलवे की इस भारी भीड़ ने लोगों के तय शेड्यूल को बिगाड़ दिया है। लखनऊ के रहने वाले रंजीत कुमार, जो किशनगंज में कार्यरत हैं, ने बताया कि उन्होंने होली से ठीक दो दिन पहले निकलने की योजना बनाई थी। मगर उस दौरान कन्फर्म टिकट न मिलने के कारण उन्हें समय से पहले ही छुट्टी लेकर घर निकलना पड़ा। वहीं, जिन यात्रियों ने एक महीने पहले ही आरक्षण करा लिया था, केवल वही सुकून से सफर कर पा रहे हैं।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी भीड़
जैसे-जैसे होली का दिन नजदीक आएगा, स्टेशनों पर भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। निजी और सरकारी संस्थानों में छुट्टी घोषित होते ही यात्रियों का दबाव चरम पर होगा। फिलहाल स्थिति यह है कि कन्फर्म टिकट की तलाश में लोग घंटों ऐप और काउंटर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन राहत मिलती नहीं दिख रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


