पटना। ​होली का त्योहार खुशियां लेकर आता है, लेकिन इस बार महानगरों में रहने वाले बिहारियों के लिए घर वापसी किसी बड़ी ‘अग्निपरीक्षा’ से कम नहीं है। ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं है और हवाई जहाज के किराए ने आसमान छू लिया है। आलम यह है कि देश के भीतर पटना आना अब अंतरराष्ट्रीय यात्रा से भी महंगा साबित हो रहा है।

​सिंगापुर से महंगा हुआ पटना का टिकट

​किराये की इस बेतहाशा बढ़ोतरी ने सबको चौंका दिया है। दिल्ली से सिंगापुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट का किराया जहां लगभग 15,497 है, वहीं मुंबई से पटना की सीधी उड़ान का टिकट 17,000 के पार पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर यात्री इस असंतुलन को लेकर लगातार अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

​महानगरों से घर आना हुआ प्रीमियम

​केवल मुंबई ही नहीं, दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों से भी पटना का सफर अब एक ‘लग्जरी’ बन चुका है। दिल्ली-पटना का सामान्य किराया जो 4-5 हजार होता था, वह अब 13,000 के पार है। बेंगलुरु और चेन्नई से आने वाले प्रोफेशनल्स को 15,000 से अधिक चुकाने पड़ रहे हैं। सबसे ज्यादा मारामारी 1 और 2 मार्च की सीटों के लिए है।

​ट्रेनें फुल, बसों पर टिका आखिरी भरोसा

​हवाई किराए में इस उछाल की मुख्य वजह ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति है। लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण लोग मजबूरन फ्लाइट का रुख कर रहे हैं। हालांकि रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन वे भीड़ के सामने नाकाफी हैं। अब प्रशासन राहत के लिए 200 ‘होली स्पेशल’ बसें चलाने की तैयारी कर रहा है।