Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बुधवार को अपने तीन दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे। अमित शाह अपने विशेष विमान से पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय समेत अन्य नेताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।

अमित शाह का यह सीमांचल दौरा राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, विशेषकर नेपाल और बांग्लादेश से जुड़ी संवेदनशील सीमाओं के मद्देनजर घुसपैठ और तस्करी पर लगाम कसने के लिए यह एक निर्णायक कदम साबित हो सकता है।

पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अमित शाह हेलीकॉप्टर से किशनगंज के लिए रवाना हो गए, जहां समाहरणालय में दो घंटे की समीक्षा बैठक के बाद वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। इसके अगले दिन गुरुवार 26 फरवरी को वे अररिया पहुंचकर एसएसबी की सीमा चौकी ‘लेटी’ के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद अररिया समाहरणालय में डीएम, एसपी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

इसके बाद 26 फरवरी की शाम को अमित शाह वापस पूर्णिया लौटेंगे और मेफेयर होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके अगले और अपने दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार 27 फरवरी को अमित शाह पूर्णिया में सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ अंतिम चरण की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद वे वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

तीन दिवसीय दौरे के दौरान अमित शाह बिहार के संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह सीमा पर घुसपैठ और कथित अवैध धार्मिक ढांचों के कारण राज्य के सीमांचल क्षेत्र में हो रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तनों पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। गृहमंत्री के दौरे को लेकर बिहार पुलिस हाई अलर्ट पर है।

ये भी पढ़ें- ‘विधानसभा में करा दूंगा शराब की डिलीवरी’, मीडिया के सामने राजद MLC सुनील सिंह ने दी खुली चुनौती, मुख्यमंत्री की छवि पर उठाया सवाल