Delhi Karol Bagh Bus Accident: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। झंडेवालान हनुमान मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 1 बजकर 8 मिनट पर हादसे की सूचना मिली। राजस्थान से दिल्ली आ रही यह बस जैसे ही हनुमान मंदिर चौक के पास मेट्रो लाइन के नीचे पहुंची, चालक अचानक संतुलन खो बैठा और बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। कई यात्रियों को बस के अंदर से निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

इस दर्दनाक सड़क हादसे में उस वक्त बस में करीब 25 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चश्मदीदों के मुताबिक, बस काफी तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए भारी-भरकम क्रेन मंगाई गई, जिसकी मदद से पलटी हुई बस को सीधा किया गया। इसके बाद बस के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान हनुमान मंदिर के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है। इनमें से 2 यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है और उनके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।

पुलिस की अपील

करोल बाग इलाके में झंडेवालान हनुमान मंदिर के पास हुए इस दुखद हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि रात के समय सड़कें अपेक्षाकृत खाली होने के कारण कई चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाने लगते हैं, जो अक्सर जानलेवा साबित होता है। ऐसे में जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है। दिल्ली पुलिस ने खास तौर पर चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, मोड़ और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बरतें और वाहन चलाते समय पूरी तरह सावधानी रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m