परवेज आलम, बगहा। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अचानक लगी भीषण आग ने एक गांव में भारी तबाही मचा दी। घटना बगहा-2 प्रखंड के जिमरी नौतनवा गांव का है, जहां आग लगने से दो घर और एक बथान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते घरों में रखा लाखों रुपये का सामान, अनाज, कपड़े, गहने और जरूरी कागजात आग की भेंट चढ़ गए।

तीन पशुओं की दर्दनाक मौत

बताया जा रहा है कि मवेशियों के लिए जलाए गए अलाव से निकली चिंगारी ने आग का भयावह रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने आसपास के हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कई बेज़ुबान मवेशी बुरी तरह झुलस गए हैं, जबकि तीन पशुओं की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं, कुछ अन्य मवेशी बुरी तरह झुलस गए हैं।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आपसी सहयोग से आग बुझाने की कोशिश की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अगर समय रहते ग्रामीण हिम्मत जुटाकर कोशिश न करते तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। अगलगी की यह घटना चिउटाहां थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन स्थित नौतनवा गांव की है।

पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग

इस मामले की पुष्टि करते हुए पंचायत के मुखिया खूबलाल बड़घड़िया ने दी है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को अविलंब मुआवजा देने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की भी मांग की है। बता दें कि अग्नि तांडव के बाद पीड़ितों में पूरन पासवान समेत अन्य लोगों का बुरा हाल है। लोग दाने-दाने को मोहताज़ हो गए हैं। लिहाजा बगहा 2 अंचल प्रशासन क्षतिपूर्ति का आंकलन कर राहत और मुआवजा देने की कवायद में जुटा है।

ये भी पढ़ें- सारण गैंगरेप-हत्या मामले में पप्पू यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोले- जब किसी बेटी के साथ…