HPV Vaccination: गौरव जैन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही. जिले की 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए कैंसर से बचाव के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. अब केंद्र सरकार की एक बड़ी मुहिम के तहत अब जिले में भी 14 से 15 वर्ष के बीच की बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए मुफ्त एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई जा रही है.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. रामेश्वर शर्मा ने इस पर ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में गर्भाशय के निचले हिस्से यानी गर्भाशय ग्रीवा (Cervix) में होने वाला कैंसर है. यह मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) के संक्रमण के कारण होता है. भारत में महिलाओं के बीच यह दूसरा सबसे आम और जानलेवा गंभीर किस्म का कैंसर है, जिससे पूरे भारत मे हर साल हजारों महिलाओं की इलाज के अभाव में मौत हो जाती हैं.
CMHO डॉ. शर्मा के अनुसार, 14 साल की किशोरियों के लिए एचपीवी वैक्सीन सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है. यह टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को 93 से 100% तक कम कर सकता है. वयस्क महिलाओं के लिए ‘पैप स्मीयर’ (Pap smear) और ‘एचपीवी टेस्ट’ जैसे नियमित चेकअप जरूरी हैं, ताकि शुरुआती लक्षणों का पता लगाया जा सके. व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षित जीवनशैली अपनाकर भी इसके खतरे को कम किया जा सकता है.
डॉ. रामेश्वर शर्मा ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 साल की बेटियों को जिला अस्पताल गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में निशुल्क टीका जरूर लगवाएं. ताकि हर बच्ची को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा की ढाल मिल सके.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

