अजयारविंद नामदेव, शहडोल। Husband Wife Died In Road Accident : जिले में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी 13 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मासूम बेटी कई घंटों तक अपने माता-पिता के शव के पास बैठकर मदद और पुलिस के आने का इंतजार करती रही। इस मार्मिक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। 

जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले के कोतमा में देंवगवा गांव निवासी लल्लू बैगा अपनी पत्नी सरस्वती बैगा और 13 वर्षीय बेटी सोहनी के साथ बाइक से धनपुरी स्थित अपने भाई के घर जा रहे थे। जैसे ही वे शहडोल जिले के केशवाही चौकी क्षेत्र के मंझौली गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लल्लू बैगा और उनकी पत्नी सरस्वती बैगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी सोहनी गंभीर रूप से घायल हो गई। 

हादसे के बाद घायल बेटी कई घंटों तक सड़क किनारे अपने माता-पिता के शव के पास बैठी रही और मदद के लिए लोगों और पुलिस का इंतजार करती रही। इस दर्दनाक घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर ही विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। 

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास करती रही। वहीं घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m