नीरज काकोटिया, बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट में शुक्रवार को नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ था। मृतिका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया था। वहीं मौत से पहले महिला ने सास पर पिटाई और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो भी बनाया था। जिसके बाद पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। 

ग्रामीण थाना क्षेत्र के नवेगांव का यह पूरा मामला है। जहां रहने वाली 26 वर्षीय नवविवाहिता प्रशांति राणा की संदेहास्पद मौत मामले में पुलिस ने जांच के बाद पति ललित राणा, ससुर सहसराम राणा और सास सुशीला राणा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में यह प्रकरण फिलहाल दहेज हत्या से जुड़ा सामने आया हैं। जांच के बाद स्पष्ट होगा कि नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या कर फांसी के फंदे पर लटकाया गया था।

मृतिका के 2 अलग-अलग वीडियो भी वायरल हो रहा हैं जो मौत से पहले के बताए जा रहे हैं। जिसमें वह अपनी सास सुशीला राणा पर मारपीट करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाती देखी गई थीं। 

पति लेकर पहुंचा था अस्पताल

10 अप्रैल को प्रशांति को उसका पति ललित राणा अस्पताल लेकर पहुंचा था। उसने बताया कि पत्नी ने घर पर फांसी लगा ली। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। वहीं परिजनों ने जमकर हंगामा किया और दामाद, सास और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। पुलिस को बयान में बताया कि शादी के समय दहेज के रूप में रुपए मांगे जाने पर 5 लाख और बाद में 6 लाख कैश दिये गए। 

वहीं घटनाक्रम के पहले कार के लिये 15 लाख रुपए मांग रहे थे जो नहीं दिया गया। पुलिस ने इसी आधार पर दहेज केस में हत्या का मामला दर्ज कर पति, सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि मृतिका की 11 महीने की दुधमुंही बच्ची है। 

नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के मुताबिक पीएम रिपोर्ट में सिर और गले में कुछ चोटें और दम घुटने की बातें सामने आई है। जांच के बाद पता चलेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई है। उसने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई? मृतिका से जुड़ा वीडियो मिला है, जिसको लेकर जांच की जा रही है।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m