भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब (Uday Bhanu Chib) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद तिलक मार्ग थाना के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। कांग्रेस पार्टी ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया है। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने उदय भानु चिब की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध भारत की ऐतिहासिक धरोहर है और यह हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘COMPROMISED PM’ के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज़ उठाई है।
राहुल गांधी ने कहा – शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘COMPROMISED PM’ के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज़ उठाई है। अमेरिका के साथ हुए Trade Deal में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा। इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और IYC के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मज़बूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। डरो मत – सच और संविधान हमारे साथ हैं।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सरकार पर बोला हमला
पवन खेड़ा ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना “शर्मनाक” है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आलोचना से डरती है और विरोध की आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश कर रही है। खेड़ा ने अपने बयान में कहा, “यह शर्म की बात है कि उन्हें किसी के शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट करने से दिक्कत है। तानाशाह उन्हें जेल में डाल देगा जो उन्हें आईना दिखाएगा। क्या पुलवामा, पहलगाम अटैक, लाल किला ब्लास्ट के पीछे के सभी टेररिस्ट गिरफ्तार हो गए हैं? आप टेररिस्ट हमलों के पीछे वालों को गिरफ्तार नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन अगर कोई अपनी शर्ट उतार दे तो आप डर जाते हैं। यह सरकार की असलियत है।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने सरकार पर “तानाशाही” का आरोप लगाया है। भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वह दिल्ली पुलिस द्वारा उदय भानु चिब और अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की “गैरकानूनी गिरफ्तारी” की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं का आवाज उठाना, सवाल पूछना और विरोध करना अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे मजबूत हथियार है। बघेल ने अपने बयान में कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के शांतिपूर्ण तरीके से प्रधानमंत्री के फैसलों और युवाओं की समस्याओं को सामने रखा था, लेकिन सरकार ने इसे दबाने के लिए पुलिस कार्रवाई का सहारा लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र पर सीधा हमला है। साथ ही उन्होंने मांग की कि उदय भानु चिब सहित सभी गिरफ्तार IYC कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाए।
एआई समिट के दौरान दिए गए बयान को लेकर भी विवाद बढ़ गया है। इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि देश के युवा अब चुप नहीं रहेंगे और उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, “इंडियन यूथ कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि देश के युवा अब चुप नहीं रहेंगे। ‘प्रधानमंत्री कॉम्प्रोमाइज्ड हैं’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि लाखों बेरोजगार युवाओं का गुस्सा है। अमेरिका के साथ यह ट्रेड डील किसानों और आम जनता के हितों के साथ धोखा है, जिससे केवल अमेरिका को फायदा होगा।”
उदय भानु ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी एआई समिट के खिलाफ नहीं है, लेकिन भारत के हितों के साथ किसी भी तरह के समझौते का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि जब किसानों के हितों से समझौता किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौते किए जा रहे हों और युवाओं को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा हो, तब चुप रहना संभव नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री कॉम्प्रोमाइज्ड हैं” और इसका मतलब यह नहीं कि जनता भी चुप रहे। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है और युवा अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


