T20 World Cup 2026: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच भारत और श्रीलंका में अपने चरम पर है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी क्रिकेट टीम का उत्साह बढ़ाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “मुझे अभी पता चला कि भारत में क्रिकेट वर्ल्ड कप चल रहा है! मैं टीम USA को शुभकामनाएं देता हूं। हमारी टीम बहुत मजबूत है और पूरा अमेरिका आपके साथ है।”
ट्रंप के इस संदेश पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राष्ट्रपति को धन्यवाद देते हुए कहा, “काइंड वर्ड्स के लिए धन्यवाद, मिस्टर प्रेसिडेंट।” यह संदेश अमेरिका में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाता है। हालांकि क्रिकेट अमेरिका में अभी लोकप्रिय खेल नहीं माना जाता, लेकिन ग्लोबल स्टेज पर टीम USA के प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींच लिया है।
वानखेड़े में हुए रोमांचक मुकाबले में भारत ने USA दी थी शिकस्त
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 161/9 का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कठिन परिस्थितियों में मोर्चा संभाला और 49 गेंदों में नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अमेरिका की तरफ से शैडली वान शाल्कविक ने 4/29 और हरमीत सिंह ने 2/26 की शानदार गेंदबाजी की, जिससे भारत की टीम पावरप्ले में दबाव में रही।
USA की टीम नहीं कर सकी लक्ष्य का पीछा
162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की टीम संघर्ष करती नजर आई। टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 132 रन बनाए। मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजने ने कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने कसी हुई गेंदबाजी की।
USA अब पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी अगला मुकाबला
भारत से हार के बाद अमेरिकी टीम अब श्रीलंका रवाना होगी, जहां 10 फरवरी को उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा। यह मैच विशेष रोमांचक होने की उम्मीद है, क्योंकि 2024 के वर्ल्ड कप में अमेरिका ने पाकिस्तान को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। क्रिकेट फैंस की निगाहें इस री-मैच पर टिकी हैं कि क्या USA फिर से इतिहास रच पाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


