ईरान और अमेरिकी अधिकारियों के बीच आज पाकिस्तान में शांति वार्ता पर ऐतिहासिक बैठक होने वाली है। इसी बीच इजरायल के कट्टर आलोचक माने जाने वाले अमेरिका के दिग्गज प्रोफेसर जॉन मियरशाइमर ने कहा है कि ‘इजरायल आखिरकार ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार का ही इस्तेमाल करेगा क्योंकि उसके सारे दांव फेल हो चुके हैं।’ वॉशिंगटन में अरब सेंटर के 11वें सालाना सम्मेलन में बोलते हुए राजनीतिक वैज्ञानिक जॉन मियरशाइमर ने चेतावनी दी

प्रोफेसर जॉन का कहना है कि ‘ईरान के साथ चल रहे युद्ध का रुख अमेरिका और इजरायल दोनों के लिए एक रणनीतिक झटका साबित हो सकता है क्योंकि इस क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है।’

मियरशाइमर ने कहा ‘इजरायली नेता ईरान को अपने अस्तित्व के लिए खतरा मानते हैं’। इसके अलावा उन्होंने ये भी जोड़ा कि ‘अमेरिकी राजनीति में इजरायल समर्थक लॉबी के मजबूत प्रभाव के कारण वॉशिंगटन की तरफ से ऐसे किसी कदम को रोकने की संभावना कम ही है।’

प्रोफेसर जॉन मियरशाइमर को अमेरिकी थिंक टैंक का प्रमुख चेहरा माना जाता है। उनकी बातें वाइट हाउस और वॉशिंगटन में सुनी जाती है। वे शिकागो विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में उन्हें ‘ऑफेंसिव रियलिज्म’ के सिद्धांत का जनक माना जाता है।

सम्मेलन में बोलते हुए मियरशाइमर ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान के प्रभावी नियंत्रण को इस संघर्ष में एक बड़ा मोड़ बताया और उन्होंने कहा ‘अगर इजरायल को यह लगता है कि ईरान ने परमाणु ऐसी क्षमताएं विकसित कर ली हैं तो वह परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर विचार कर सकता है।’

मियरशाइमर का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में कोई सुप्रीम पावर नहीं है इसलिए हर देश अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा अपनी ताकत बढ़ाने की कोशिश करता है। उनके मुताबिक देश तब तक चैन से नहीं बैठते जब तक वे अपने क्षेत्र में वर्चस्व हासिल न कर लें।

मियरशाइमर ने अमेरिका-इजरायल संबंधों को ‘अद्वितीय रूप से घनिष्ठ’ बताया और कहा कि इस क्षेत्र में अमेरिकी नीति अक्सर इजरायल के हितों के मुताबिक होती हैं भले ही वे अमेरिका की व्यापक रणनीतिक प्राथमिकताओं से अलग क्यों न हों।

आपको बता दे कि बातचीत से पहले ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद कर दिया है। ईरानी प्रतिनिधिमंडल और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंच चुका है। अमेरिकी टीम का नेतृत्व उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे हैं तो ईरान टीम में विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची, संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघर गालिबफ मौजूद हैं। पाकिस्तान में आज अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी युद्धविराम पर सहमति बनाने के लिए बैठक होने वाली है। इसपर दुनिया की नजर है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m