फ्रेग्रेन्स यानी खुशबू हर जगह मौजूद है, कार, घर, ऑफिस, जिम और यहां तक कि कपड़ों पर भी. ऐसे में जिन लोगों का दिमाग़ तेज़ ख़ुशबू के प्रति सेंसिटिव होता है, उनके लिए यह रोजमर्रा का एक्सपोजर परेशानी बढ़ा सकता है. क्या आपने कभी ऐसा महसूस किया है कि किसी की तेज परफ्यूम की खुशबू आते ही आपका सिर भारी होने लगता है? मॉल में जाते ही चक्कर सा महसूस होता है या किसी शादी में तेज डियोड्रेंट की महक से सिरदर्द शुरू हो जाता है. अक्सर हम इसे सामान्य थकान, भूख या मौसम का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन कुछ लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या तेज परफ्यूम से सिरदर्द या माइग्रेन ट्रिगर हो सकता है? इस बारे में आइए जानते हैं विस्तार से.

क्या सच में खुशबू से माइग्रेन हो सकता है?

रिसर्च बताती है कि माइग्रेन से पीड़ित लोगों में लगभग 30–50% मामलों में स्ट्रॉन्ग स्मेल (जैसे परफ्यूम, डियोड्रेंट, अगरबत्ती, क्लीनिंग केमिकल्स) एक ट्रिगर बन सकती है. माइग्रेन सिर्फ सामान्य सिरदर्द नहीं होता, बल्कि यह एक न्यूरोलॉजिकल (तंत्रिका तंत्र से जुड़ी) समस्या है. इसमें दिमाग की नसें और केमिकल सिग्नल्स ज्यादा संवेदनशील हो जाते हैं. तेज गंध इन नसों को उत्तेजित कर सकती है, जिससे सिर के एक तरफ धड़कता हुआ दर्द, मतली या उल्टी,रोशनी और आवाज से परेशानी,चक्कर जैसा महसूस होना शुरू हो सकता है.

ऐसा क्यों होता है?

हमारी सूंघने की क्षमता (Olfactory system) सीधे दिमाग के उस हिस्से से जुड़ी होती है जो भावनाओं को नियंत्रित करता है, दर्द को प्रोसेस करता है. माइग्रेन वाले लोगों में यह सिस्टम ज्यादा संवेदनशील हो जाता है. तेज खुशबू दिमाग की नसों को ओवरस्टिम्युलेट करती है. ट्राइजेमिनल नर्व (चेहरे और सिर की मुख्य नस) को एक्टिव कर सकती है. सूजन और दर्द से जुड़े केमिकल्स रिलीज कर सकती है. इसी वजह से सिर भारी होना, दर्द शुरू होना या चक्कर जैसा लगना शुरू हो सकता है.

सिर्फ माइग्रेन नहीं, सामान्य सिरदर्द भी हो सकता है. हर बार माइग्रेन ही हो ऐसा जरूरी नहीं. तेज खुशबू से

  1. टेंशन हेडेक
  2. साइनस में जलन
  3. एलर्जिक रिएक्शन
  4. आंखों में जलन
  5. सांस लेने में असहजता

किन जगहों पर ज्यादा परेशानी होती है?

  1. मॉल या कॉस्मेटिक स्टोर
  2. शादी/पार्टी
  3. जिम
  4. ऑफिस जहां रूम फ्रेशनर चलता हो
  5. कार में हैंगिंग फ्रेग्रेन्स
  6. क्योंकि इन जगहों पर अलग-अलग खुशबू मिलकर और ज्यादा तीव्र हो जाती हैं.

क्या करें अगर खुशबू से सिरदर्द होता है?

  1. भीड़ वाली और ज्यादा खुशबू वाली जगहों से दूरी रखें.
  2. “Fragrance-free” प्रोडक्ट्स चुनें.
  3. घर में हल्की या नेचुरल खुशबू का इस्तेमाल करें.
  4. अगर माइग्रेन बार-बार होता है तो न्यूरोलॉजिस्ट से सलाह लें.
  5. ट्रिगर डायरी रखें – कब, कहाँ और किस गंध से समस्या हुई.

कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है?

  1. महीने में कई बार माइग्रेन अटैक.
  2. सिरदर्द के साथ उल्टी, धुंधला दिखना.
  3. दवा लेने पर भी आराम न मिले.
  4. अचानक बहुत तेज सिरदर्द.