अरविंद मिश्रा, बलौदाबाजार। कसडोल ब्लॉक के ग्राम कटगी में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब अवैध शराब बिक्री की शिकायत से बौखलाए ढाबा संचालक ने एक ग्रामीण के साथ मारपीट की। इसकी सूचना मिलने पर ग्रामीण आक्रोशित हुए और ढाबा संचालक कसडोल ब्लॉक ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत थवाईत और उसके बेटे संतोष थवाईत की जमकर धुनाई की। वहीं बवाल की सूचना पर बलौदाबाजार से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कटगी पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लिया है।

बता दें कि ग्रामीणों ने ग्राम कटगी में संचालित ढाबे में अवैध शराब बिक्री की शिकायत कलेक्टर एवं एसपी से की थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। कार्रवाई नहीं होने पर ढाबा संचालक के हौसले बढ़ गए और उसने ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही बाहर से गुंडे बुलाकर उन्हें धमकाने की कोशिश की, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और फिर जमकर हंगामा मचाया।

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस और बलौदाबाजार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति शांत बताई जा रही है। फिलहाल आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

छोटी मोटी कार्रवाई कर वाहवाही लूटने में लगी है पुलिस

बता दें कि जिले में अवैध शराब के साथ अवैध मादक पदार्थों की जमकर बिक्री हो रही है। पुलिस छोटी मोटी कार्रवाई कर वाहवाही लूटने में लगी है। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से नहीं ले रही है। कसडोल पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम कटगी की घटना में यह बात सामने आई है कि पहले ग्रामीणों ने कसडोल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कलेक्टर व एसपी से शिकायत की गई थी। इससे बौखलाए ढाबा संचालक ने ग्रामीणों के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है।

गाड़ियों से बैटरी चोरी करने वालों को अब तक नहीं पकड़ पाई

बलौदाबाजार में कार का शीशा टूटने की रिपोर्ट पर भी पुलिस ने तत्काल गंभीरता नहीं दिखाई थी। एक साथ चार गाड़ियों के शीशे टूटे थे और बैटरियों की चोरी हुई थी। इसके बाद मोहल्ले के युवाओं ने ही एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। वहीं अभी भी पुलिस बाकी कार की बैटरियों की पता नहीं लगा पाई है, जबकि बलौदाबाजार में पूर्व में भी वाहनों के बैटरी चोरी का मामला आ चुका है।