IND vs ENG Semi Final: जिस पल का क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार था, वो घड़ी आ चुकी है. अब से कुछ घंटे बाद मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल होने जा रहा है. इस मुकाबले में टीम इंडिया को संजू सैमसन से ठीक वैसी ही पारी की उम्मीद होगी, जैसी उन्होंने सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली थी. संजू ने 50 बॉल पर 10 चौके और 4 छक्कों के दम पर नाबाद 97 रन बनाए थे.
संजू सैमसन की 97 रनों की नाबाद पारी के दम पर ही टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप के इतिहास में अपना सबसे सफल रन चेज करते हुए सेमीफाइनल में एंट्री मारी थी, लेकिन वानखेड़े में होने वाले दूसरे सेमीफाइनल से ठीक पहले एक ऐसा आंकड़ा आया है, जिसने भारतीय खेमे में खलबली मचा दी है. इस मैच में संजू के सामने वो गेंदबाज खड़ा होगा, जो उनके लिए सबसे बड़ा खतरा माना जाता है.
संजू सैमसन के लिए क्या है सबसे बड़ा खतरा?
संजू सैमसन के रास्ते में सबसे बड़ा कांटा इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर होंगे, जो संजू के खिलाफ बढ़िया बॉलिंग करते हैं. उन्होंने संजू को खूब परेशान किया है. टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अब तक संजू ने आर्चर की 23 गेंदों का सामना किया है. इस दौरान वो केवल 25 रन ही बना सके हैं. आर्चर ने 3 बार संजू सैमसन को पवेलियन का रास्ता दिखाया है.
ये आंकड़े बताते हैं कि आर्चर की रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ संजू के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं होने वाली. खासकर तब, जब टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर इस एडिशन में फॉर्म से जूझता दिखा है.
टी20 इंटरनेशनल में संजू सैमसन बनाम आर्चर के आंकड़े
सामना- 5 पारियां
गेंदे- 23
रन- 25
आउट- 3 बार
औसत- 8.33
स्ट्राइक रेट- 108.7
डॉट बॉल्स- 13
कौन जीतेगा मैच?
भारत और इंग्लैंड दोनों ही टीमें बड़ी मेहनत के दम पर सेमीफाइनल में पहुंची हैं. शाम 7 बजे से सेमीफाइनल शुरू हो जाएगा. एक्सपर्ट्स और फैंस का सीधा मानना है कि मुंबई में जो भी टीम दबाव को बेहतर तरीके से झेलेगी, वही अहमदाबाद में होने वाले फाइनल का टिकट कटाएगी. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या संजू सैमसन आर्चर के खिलाफ अपने पुराने खराब रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाएंगे या फिर आर्चर एक बार फिर उन्हें अपना शिकार बनाएंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

