IND vs NAM, T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में आज भारत और नामीबिया की टीमें आमने-सामने हैं। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि इस मैच में टीम इंडिया दो बदलावों के साथ उतरी है। अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। इसलिए वह इस मैच में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला है। वहीं, मोहम्मद सिराज की जगह जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है।
बता दें कि टीम इंडिया अपने पहले मैच में अमेरिका को हराकर आत्मविश्वास से भरी है, हालांकि उस मुकाबले में उसे कड़ी टक्कर मिली थी। वहीं नामीबिया को इसी मैदान पर 10 फरवरी को दिन के मैच में नीदरलैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में जहां भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत दर्ज कर अपना अजेय अभियान जारी रखना चाहेगी, वहीं नामीबिया मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट में बने रहने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएगी।
भारत और नामीबिया के बीच यह मुकाबला 7 बजे से शुरू होगा, लेकिन उससे पहले आइए अरुण जेटली स्टेडियम की पिच रिपोर्ट, भारत और नामीबिया के हेड-टू-हेड आंकड़े, लाइव स्ट्रीमिंग और प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
भारत और नामीबिया के बीच कैसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड?

भारत और नामीबिया के बीच अब तक अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में केवल एक ही मुकाबला खेला गया है। यह मैच टी20 वर्ल्ड कप 2021 में हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 132 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और सिर्फ 15.2 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर मैच अपने नाम कर लिया। हेड-टू-हेड आंकड़ों के लिहाज से फिलहाल भारत का पलड़ा पूरी तरह भारी नजर आता है।
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। छोटा मैदान होने के कारण यहां चौके-छक्कों की भरमार देखने को मिलती है और टी20 मुकाबलों में अक्सर हाई स्कोर बनते हैं। बल्लेबाज अगर शुरुआत में थोड़ा समय बिता लें तो बड़े शॉट खेलना आसान हो जाता है।

नई गेंद से शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की मदद मिल सकती है, खासकर अगर पिच में थोड़ी नमी हो। हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए और बेहतर हो जाती है। यदि विकेट पूरी तरह फ्लैट नहीं रहा तो स्पिनर्स को मिडिल ओवरों में टर्न और पकड़ मिल सकती है।
फ्लडलाइट्स में खेले जाने वाले मुकाबलों में ओस अहम भूमिका निभा सकती है। दूसरी पारी में गेंद गीली होने से गेंदबाजों को दिक्कत होती है, जिससे रन चेज करना आसान हो जाता है। यही वजह है कि यहां टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती हैं।
अब तक इस मैदान पर 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 10 मैच पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 5 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के नाम रहे हैं। पहली पारी का औसत स्कोर 145 रन है, लेकिन मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप होने पर 180 से 200+ का स्कोर भी संभव है।
इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 221 रन (भारत बनाम बांग्लादेश) है, जबकि न्यूनतम स्कोर 120 रन (श्रीलंका बनाम दक्षिण अफ्रीका) दर्ज किया गया है। सबसे बड़ा सफल रन चेज 212/3 है, जो दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ हासिल किया था। कुल मिलाकर, अरुण जेटली स्टेडियम की पिच संतुलित होने के बावजूद बल्लेबाजों के लिए अधिक मददगार रहती है और टॉस जीतने वाली टीम के लिए पहले गेंदबाजी करना फायदेमंद साबित होता है।
भारत और नामीबिया की प्लेइंग 11

भारत
संजू सैमसन, इशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
नामीबिया
लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्रिलिंक, जान निकोल लोफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेट कीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मालन क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, बेन शिकोंगो, मैक्स हेइंगो
भारत बनाम नामीबिया लाइव कैसे देखें?

भारत और नामीबिया के मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। यहां अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जिससे आप अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं।
मोबाइल या ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए मैच जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगा। यदि आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करना होगा, और पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें ताकि बिना रुकावट मैच देख सकें।
इसके अलावा, यह मुकाबला डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी फ्री में देखा जा सकता है। हालांकि इसके लिए आपके पास डीडी फ्री डिश का कनेक्शन होना जरूरी है। अन्य डीटीएच या केबल नेटवर्क पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए मैच उपलब्ध नहीं होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


