IND vs PAK T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच से पहले एक विवादित पल तब सामने आया, जब टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया।
सूर्यकुमार यादव ने इग्नोर किया पाकिस्तानी कप्तान
टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने पूरी तरह से पाकिस्तान के कप्तान की ओर ध्यान नहीं दिया और हाथ नहीं मिलाया। टॉस के बाद दोनों कप्तान टॉस प्रेजेंटर से बातचीत के बाद अपने-अपने डगआउट की ओर चले गए। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
एशिया कप से जारी है टीम इंडिया की नो-हैंडशेक पॉलिसी
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव की यह नीति नई नहीं है। साल 2025 के एशिया कप के दौरान भी भारत-पाकिस्तान के मैचों में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाते हुए मैदान में उतरे थे। उस समय पहलगाम आतंकी हमले के बाद इस पॉलिसी को जारी रखा गया था। केवल सीनियर टीम ही नहीं, बल्कि जूनियर टीम ने भी इस नो-हैंडशेक प्रोटोकॉल का पालन किया। इस मैच में टीम इंडिया ने वही पॉलिसी दोबारा लागू की।
पाकिस्तान कप्तान ने कहा – क्रिकेट खेल भावना के साथ खेला जाए
इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि क्रिकेट हमेशा खेल भावना के साथ खेला जाना चाहिए। व्यक्तिगत राय मायने नहीं रखती, लेकिन खेल को उसी तरह खेला जाना चाहिए जैसा हमेशा खेला गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह विपक्षी टीम और कप्तान पर निर्भर करता है।
इस विवादित पल ने मैच से पहले दोनों टीमों के बीच सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। दर्शक और फैंस इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, और नो-हैंडशेक पॉलिसी ने इस मुकाबले की भावना को और भी रोमांचक बना दिया है।
भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
पाकिस्तान की प्लेइंग 11
सैम अयूब, साहिबज़ादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, मोहम्मद नवाज़, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेट कीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक
मैच कहां देखें लाइव?

भारत और पाकिस्तान के इस हाईवोल्टेज मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। यहां अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जिससे आप अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं।
मोबाइल या ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए मैच जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगा। यदि आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करना होगा, और पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें ताकि बिना रुकावट मैच देख सकें।
इसके अलावा, यह मुकाबला डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी फ्री में देखा जा सकता है। हालांकि इसके लिए आपके पास डीडी फ्री डिश का कनेक्शन होना जरूरी है। अन्य डीटीएच या केबल नेटवर्क पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए मैच उपलब्ध नहीं है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


