IND vs USA T20 World Cup 2026: भारत-श्रीलंका की मेजबानी में हो रहे टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो गया है। आज पहले दिन कुल 3 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच नीदरलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला गया, जबकि दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। दिन के तीसरे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन और मेजबान भारतीय टीम यूएसए (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज करेगी।
बता दें कि भारत इस टूर्नामेंट में खिताब बरकरार रखने की कोशिश में उतरेगा। टीम ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती थी और अब टीम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टाइटल को डिफेंड करने के इरादे से उतरेगी। वहीं यूएसए की टीम इस वर्ल्ड कप में कुछ मैच जीतकर उलटफेर करना चाहेगी।

भारत बनाम यूएसए का यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। मैच शुरू होने से पहले आइए वानखेड़े की पिच रिपोर्ट, भारत और यूएसए के हेड टू हेड आंकड़े, लाइव स्ट्रीमिंग और दोनों टीमों के स्क्वॉड समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जबकि उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह की तबीयत भी पूरी तरह ठीक नहीं है, ऐसे में उनके पहले मैच में खेलने पर संशय बना हुआ है। इस स्थिति में मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

किसे मिलेगा मौका?
टीम चयन के दौरान भारत ने कुछ बड़े फैसले लिए थे। शुभमन गिल को बाहर रखा गया, जबकि ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया। तिलक वर्मा के चोटिल होने के कारण किशन को मौका मिला और उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर इस अवसर को पूरी तरह भुनाया। उनकी फॉर्म और संजू सैमसन की नाकामी को देखते हुए अब किशन के अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने की पूरी संभावना है, जबकि सैमसन को बेंच पर बैठना पड़ सकता है।
कौन होगा एक्स फैक्टर?
अमेरिका की ओर से सौरभ ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी छाप छोड़ी थी और एक बार फिर उनके पास खुद को साबित करने का मौका होगा। वहीं भारत के लिए अभिषेक शर्मा ऐसे खिलाड़ी हैं, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण पर हावी हो सकते हैं। उनसे टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाने की उम्मीद होगी और वह भारत के लिए बड़े एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है, क्योंकि यहां की पिच उन्हें खूब रास आती है। अन्य स्टेडियमों की तुलना में यहां की बाउंड्री भी थोड़ी छोटी है, जिससे रन बनाना आसान हो जाता है। गेंदबाजों के नजरिये से देखें तो पिच स्पिनरों को सीमित रूप से मदद देती है, लेकिन उनसे ज्यादा प्रभाव की उम्मीद करना ठीक नहीं होगा। वहीं तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में कुछ सहायता मिलती है और वे नई गेंद से जल्दी विकेट निकालने की कोशिश करेंगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए इस विश्व कप में वानखेड़े स्टेडियम पर बड़े स्कोर वाले मुकाबले देखने को मिलने की पूरी संभावना है।
वानखेड़े में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख आंकड़े
वानखेड़े स्टेडियम पर पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला वर्ष 2012 में खेला गया था। अब तक यहां कुल 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच हो चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 4 मुकाबले जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 5 मैचों में सफलता मिली है।
इस मैदान पर अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी अभिषेक शर्मा ने खेली है, जिन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 135 रन बनाए थे। वहीं, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन शिवम मावी के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट 22 रन देकर झटके थे। आंकड़ों पर नजर डालें तो इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम को आमतौर पर बढ़त मिलती नजर आती है।
इस स्टेडियम में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भारतीय टीम के नाम दर्ज है, जिसने इंग्लैंड के खिलाफ 247/9 रन बनाए थे। वहीं, इस मैदान पर सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है, जिसने भारत के खिलाफ सिर्फ 97 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का इस मैदान पर औसत स्कोर 197 रन रहा है। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो विराट कोहली ने यहां 3 मैचों की 3 पारियों में सर्वाधिक 197 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और काइल एबॉट ने इस मैदान पर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 5-5 विकेट झटके हैं।
इसे भी पढ़ें: T20 WC 2026 IND vs USA : मैच से पहले बुखार की चपेट में आया ये भारतीय खिलाड़ी, सूर्या को बदलनी पड़ेगी Playing 11
भारत और यूएसए के हेड टू हेड आंकड़े

भारत और यूएसए की टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल में अब तक सिर्फ एक मुकाबला हुआ है, जो 2024 टी20 वर्ल्ड कप में न्यूयॉर्क में खेला गया था। उस मैच में भारत ने आसानी से जीत दर्ज की थी। तब यूएसए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 110 रन बनाए थे। वहीं भारत ने लक्ष्य को 18.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल किया था। टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले इंडिया ए की टीम और यूएसए के बीच एक वॉर्मअप मैच खेला गया था। उस मैच में यूएसए की टीम ने भारत की ए टीम को कड़ी चुनौती दी थी। ऐसे में फैंस को ग्रुप स्टेज में भी दोनों टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल (उपकप्तान), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह/मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह
भारत और यूएसए दोनों टीमों का स्क्वॉड

भारत का स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल (उपकप्तान) और वॉशिंगटन सुंदर।
यूएसए का स्क्वॉड:
मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर, सैतेजा मुक्कमाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्टुश केनजिगे, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रवालकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजाने।
भारत बनाम अमेरिका मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कैसे देखें?
भारत और अमेरिका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस आधा घंटे पहले यानी 6:30 बजे होगा। लाइव प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है, जबकि मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगी।
फ्री में टीवी पर कैसे देखें भारत बनाम अमेरिका मैच?
भारत और अमेरिका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह मुकाबला डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री में देखा जा सकता है। टी20 वर्ल्ड कप में डीडी स्पोर्ट्स सिर्फ भारत के मैचों का लाइव टेलीकास्ट करेगा। जिन दर्शकों के घर में फ्री डिश टीवी है, वे डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भारत के सभी मैच फ्री में देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


