IND vs USA T20 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच नंबर-3 में आज भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) की टीमें आमने-सामने हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद भारतीय टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की 84 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए हैं। अब यूएसए को मैच जीतने के लिए 162 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।

भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए। भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए। उन्हें अमेरिकी तेज गेंदबाज अली खान ने पवेलियन भेजा।

इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की और दोनों के बीच उपयोगी साझेदारी भी बनी, लेकिन पावरप्ले का आखिरी ओवर भारत के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। ओवर की दूसरी गेंद पर शैडली वान शल्कविक ने ईशान किशन (20 रन) को आउट किया। इसके बाद ओवर की अंतिम दो गेंदों पर शल्कविक ने लगातार तिलक वर्मा (25 रन) और शिवम दुबे (0 रन) को पवेलियन भेजकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। शिवम दुबे के आउट होने के समय भारत का स्कोर 46/4 था।

मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया। रिंकू सिंह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 6 रन बनाकर मोहम्मद मोहसिन का शिकार बने। वहीं हार्दिक पंड्या को हरमीत सिंह ने आउट किया। हार्दिक के पवेलियन लौटने के समय भारत का स्कोर 77/6 हो चुका था और टीम भारी दबाव में नजर आ रही थी।

इसके बाद अक्षर पटेल और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच सातवें विकेट के लिए 41 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिससे भारत का स्कोर कुछ हद तक संभला। अक्षर पटेल 14 रन बनाकर हरमीत सिंह की गेंद पर आउट हुए। अक्षर के आउट होने के कुछ ही देर बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपना अर्धशतक पूरा किया।

सूर्यकुमार यादव अंत तक क्रीज पर टिके रहे और उन्होंने 49 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और चार छक्के शामिल रहे। अपनी पारी के दौरान उन्होंने बतौर कप्तान अपना 8वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया और साथ ही टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने का आंकड़ा भी छू लिया। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें खास सहयोग नहीं मिल सका। भारत ने अंतिम ओवरों में अर्शदीप सिंह (4 रन) और वरुण चक्रवर्ती (0 रन) के विकेट भी गंवा दिए।

दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके 6 बल्लेबाज

इस मुकाबले में भारतीय टीम के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, जिससे साफ जाहिर होता है कि टीम की बल्लेबाजी पूरे मैच में दबाव में रही। विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेल रही टीम इंडिया की यह पारी कई सवाल खड़े करती है।

इस मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में जसप्रीत बुमराह को शामिल नहीं किया गया। बुमराह वायरल फीवर के चलते चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। वहीं संजू सैमसन, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर को भी अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन को संजू सैमसन पर तरजीह दी गई।

शैडली वान शल्कविक ने झटके 4 विकेट

यूएसए के लिए गेंदबाजी में शैडली वान शल्कविक ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके, उनके अलावा हरमीत सिंह को 2, अली खान और मोहम्मद मोहसिन को 1-1 सफलता मिली।

भारत और यूएसए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत

इशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज

यूएसए

सैतेजा मुक्कामल्ला, एंड्रीज गॉस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान।

भारत बनाम अमेरिका मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कैसे देखें?

भारत और अमेरिका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है, जबकि मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध है।

फ्री में टीवी पर कैसे देखें भारत बनाम अमेरिका मैच?

भारत और अमेरिका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह मुकाबला डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री में देखा जा सकता है। टी20 वर्ल्ड कप में डीडी स्पोर्ट्स सिर्फ भारत के मैचों का लाइव टेलीकास्ट करेगा। जिन दर्शकों के घर में फ्री डिश टीवी है, वे डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भारत के सभी मैच फ्री में देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H