IND vs PAK T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला आखिरकार तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो में ही खेला जाएगा। इस मैच को लेकर पिछले कई दिनों से चला आ रहा असमंजस अब समाप्त हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यू-टर्न लेते हुए अपनी टीम को मैदान पर उतरने का निर्देश दे दिया है।

भारत–पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बने गतिरोध पर सोमवार को पूरे दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और PCB के शीर्ष अधिकारियों के बीच लगातार बातचीत होती रही। देर रात तक चली बैठकों के बाद स्थिति साफ हो गई और पाकिस्तान ने मैच के बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया।

पाकिस्तान सरकार ने टीम को दिया खेलने का निर्देश

टी20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पाकिस्तान सरकार ने अहम हस्तक्षेप किया। सरकारी सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि बांग्लादेश और श्रीलंका के अनुरोध के बाद पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने का निर्देश दिया है। इसके बाद PCB ने भी अपने रुख में बदलाव करते हुए मैच खेलने पर सहमति जता दी।

इससे पहले पाकिस्तान की ओर से इस मुकाबले के बहिष्कार का ऐलान किया गया था, जिससे टूर्नामेंट पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। लेकिन अब यह साफ हो गया है कि मैच अपने तय समय और स्थान पर ही खेला जाएगा।

BCCI की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया, ICC को दिया श्रेय

इस पूरे घटनाक्रम पर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस विवाद के समाधान का श्रेय क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ICC को दिया है।

ICC की पहल से निकला समाधान

राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ICC प्रतिनिधियों की पहल और ICC चेयरमैन की निगरानी में हुई बातचीत ने इस पूरे मसले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि ICC के प्रतिनिधि PCB और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से बातचीत के लिए लाहौर गए थे, जिसके बाद यह सकारात्मक नतीजा सामने आया।

उन्होंने कहा, “ICC के प्रतिनिधियों की पहल, चेयरमैन की निगरानी और पाकिस्तान व बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ हुई बातचीत से क्रिकेट के महत्व को प्राथमिकता देने वाला एक अच्छा और सौहार्दपूर्ण समाधान निकला है। इसके लिए ICC पूरी तरह बधाई का पात्र है।”

बांग्लादेश को भी मिली राहत

राजीव शुक्ला ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरी बातचीत में बांग्लादेश की भावनाओं का भी सम्मान किया गया है। हालांकि बांग्लादेश टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं ले पा रहा है, लेकिन उनके बोर्ड को ICC की ओर से राहत दी गई है।

उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान बांग्लादेश की भावनाओं को भी ध्यान में रखा गया और उनके बोर्ड को कुछ राहत दी गई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी इस समाधान से संतुष्ट है और ICC के प्रयासों की सराहना कर रहा है। उन्होंने इसे सभी पक्षों के लिए “विन-विन सिचुएशन” बताया।

बांग्लादेश पर नहीं होगी कोई कार्रवाई

गौरतलब है कि इस पूरे घटनाक्रम के बीच ICC ने बांग्लादेश को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। ICC और PCB के बीच हुई बैठक के बाद यह स्पष्ट किया गया कि टी20 विश्व कप से नाम वापस लेने के बावजूद बांग्लादेश टीम पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी। न तो उस पर कोई बैन लगेगा और न ही किसी तरह की आर्थिक पेनाल्टी। इतना ही नहीं, ICC बांग्लादेश को भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी देने पर भी विचार कर रहा है।

2028–2031 के बीच बांग्लादेश को मिल सकती है ICC इवेंट की मेजबानी

सूत्रों के मुताबिक, ICC साल 2028 से 2031 के बीच होने वाले किसी एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी बांग्लादेश को सौंप सकता है। हालांकि यह कौन-सा टूर्नामेंट होगा, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है।

ICC के सीईओ संजोग गुप्ता ने इस मुद्दे पर बयान जारी करते हुए कहा कि टी20 विश्व कप से बांग्लादेश का बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन इससे ICC की बांग्लादेश के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

टीम इंडिया पूरी तरह तैयार, कोलंबो की टिकट पहले से बुक

भारतीय क्रिकेट टीम पहले ही साफ कर चुकी थी कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार कोलंबो जाकर 15 फरवरी का मुकाबला खेलेगी। टीम इंडिया की यात्रा और अन्य तैयारियां पहले से पूरी हैं। वहीं पाकिस्तानी टीम इस समय कोलंबो में ही मौजूद है और 10 फरवरी को अपना अगला मुकाबला यूएसके के खिलाफ खेलेगी।

अब भारत–पाकिस्तान मैच को लेकर बना सारा सस्पेंस खत्म हो चुका है और क्रिकेट फैंस को 15 फरवरी को एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H