IND vs PAK T20 World Cup 2026: जिस पल का दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को सबसे ज्यादा इंतजार था, वह आ चुका है। आज शाम श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्वकप 2026 का सबसे हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा।

बता दें कि यह महामुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम (R Premadasa Cricket Stadium) में शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा, जबकि इससे पहले शाम 6.30 बजे टॉस होगा, लेकिन उससे पहले आइए पिच रिपोर्ट, दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

पाकिस्तान ने किया बायकॉट का ड्रामा, फिर फैसले से लिया यू-टर्न

भारत और पाकिस्तान की टीमों में जब भी क्रिकेट में भिड़ंत होती है, तो मुकाबला हाई-वोल्टेज रहता है। क्रिकेट प्रेमियों को बेसब्री से इसका इंतजार होता है। इस मैच पर तब खतरा मंडराने लगा था, जब पाकिस्तान ने बायकॉट का ड्रामा करते हुए भारत संग खेलने से इनकार कर दिया था। हालांकि बाद में उसने अपने फैसले से यू-टर्न लिया और मैच खेलने को राजी हो गया। अब आज शाम प्रेमदासा स्टेडियम में सूर्यकुमार के रणबांकुरों से भिड़ेगा।

आज की जीत सुपर-8 में पक्की जगह करेगी

भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें एक ही ग्रुप-ए में हैं। दोनों ने इस वर्ल्ड कप में दो-दो मैच खेले हैं और अभी तक एक भी मैच नहीं हारी हैं। भारत ने मुंबई में यूएसए (USA) के खिलाफ 29 रनों से जीत दर्ज की। फिर भारतीय टीम दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ 93 रनों से जीती। पाकिस्तान सभी मैच श्रीलंका में ही खेल रहा है। उसने पहले मैच में नीदरलैंड्स को तीन विकेट से हराया था और यूएसए को 32 रनों से हराया। आज जो भी टीम जीतती है तो वह टीम सुपर 8 स्टेज में अपनी सुरक्षित जगह पक्की कर लेगी।

भारत बनाम पाकिस्तान हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी ?

टी20 फॉर्मेट में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार है। दोनों टीमों के बीच टी-20 वर्ल्ड कप में अभी तक कुल 8 मुकाबले खेल गए हैं। जिसमें से टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 बार पीटा है जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार जीत मिली है। टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ एकमात्र हार साल 2021 में खेले गए मैच के दौरान मिली थी। उसके अलावा अब तक हर मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराया है और एक बार फिर उन्हें हराने के लिए तैयार है।

इसे भी पढ़ें: पाक पर करारी हार की कामना! भारत-पाक T20 मैच से पहले उज्जैन महाकाल मंदिर में टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजा, खिलाड़ियों की फोटो रखकर रुद्राभिषेक

ओवरऑल रिकॉर्ड में भी टीम इंडिया का पलड़ा है भारी

ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने 12 मैचों में जीत दर्ज की है। दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम को सिर्फ तीन मैचों में जीत नसीब हुई है। दोनों टीमों के बीच 1 मुकाबला टाई भी रहा है।

इन भारतीय प्लेयर्स पर रहेगी सभी की निगाहें

भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच की बात करें तो वहां टीम इंडिया के बल्लेबाज इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, खासकर ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे प्लेयर्स। इन प्लेयर्स पर एक बार फिर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। ये मैच कोलंबो में खेला जाएगा। वहां की कंडीशन स्पिनर्स के लिए मददगार रहती है। ऐसे में इस मैच में भारतीय स्पिनर्स जैसे वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल से काफी उम्मीदें रहेंगी।

मैच में बारिश डाल सकती है खलल

भारत और पाकिस्तान के मैच में आज मौसम एक बड़ा फैक्टर साबित हो सकता है। मौसम विभाग ने कोलंबो में बारिश की संभावना जताई है। कोलंबो में रविवार सुबह मौसम गर्म और नमी वाला रहने की उम्मीद है। हालांकि, दोपहर तक हल्की बारिश का अनुमान है, जिसमें शाम 7 बजे शुरू होने से पहले बारिश और तेज गरज के साथ बौछारें पड़ने की 50-70 फीसद संभावना है। अच्छी बात यह है कि कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम बहुत अच्छा है। इससे मैच देर से शुरू हो सकता है या अगर हालात बिगड़ते हैं तो मैच छोटा हो सकता है। अगर मैच रद्द हुआ तो दोनों टीमों को 1-1 प्वॉइंट दे दिया जाएगा।

आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। यह वही पिच है जिस पर 13 फरवरी को जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच हुआ था। जिम्बाब्वे ने इसे 23 रनों से अपने नाम किया था। स्टेडियम की बड़ी बाउंड्री और स्पिन-फ्रेंडली कंडीशन के कारण टारगेट का पीछा करना आसान नहीं है। अब तक इस स्टेडियम में 51 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 22 मैचों में विजयी रही जबकि चेज करने वाली टीम ने 28 मैचों में जीत दर्ज की। यहां पहले पारी का औसत स्कोर 152 रन रहा है।

पाकिस्तान भी आर प्रेमदासा स्टेडियम पर खेलेगी पहला मैच

भारतीय टीम जहां श्रीलंका में सिर्फ इस एक मुकाबले को खेलने के पहुंची है तो वहीं पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट में अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल रही है। इसमें से उन्होंने दो जो शुरुआती मैच खेले तो वह कोलंबो के SSC स्टेडियम में थे, जिसमें वह भी प्रेमदासा स्टेडियम में पहली बार खेलने उतरेंगे। अभी तक इस स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के कुल तीन मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें 2 मुकाबले जहां दिन के समय खेले गए तो वहीं एक मैच शाम के समय हुआ।

इसमें तीनों मैचों के परिणाम को देखा जाए तो पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने मुकाबला अपने नाम किया है, जिससे साफ पता चलता है कि यहां पर टारगेट का पीछा करना बिल्कुल भी आसान काम नहीं हैं।

भारत और पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11

भारत की संभावित प्लेइंग 11

आज भारत एक तेज गेंदबाज के साथ उतर सकता है, दूसरे तेज गेंदबाज की भूमिका हार्दिक पांड्या निभा सकते हैं। पिच को देखते हुए आज भारत 3 स्पिनर्स (अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव) के साथ उतर सकता है।

ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह

पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11

सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन शाह अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक

कब-कहां देखें लाइव?

भारत और पाकिस्तान के बीच इस हाईवोल्टेज मैच का टीवी पर लाइव टेलीकास्ट होगा। इसके अलावा जियो हॉटस्टार (JioHotstar) पर भी मैच को लाइव देखा जा सकता है। आप इसे ऐप या वेबसाइट से अपनी पसंदीदा भाषा के साथ देख सकते हैं। फ्री में मुकाबले का लाइव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर भी किया जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H