BCCI releases schedule: देश में इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की धूम है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी कार्यक्रम को लेकर एक और बड़ी घोषणा सामने आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के शेड्यूल और वेन्यू का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज जुलाई में खेली जाएगी, जिसमें भारतीय टीम जिम्बाब्वे का दौरा करेगी।
बता दें कि आईपीएल के बाद भारतीय टीम का होम सीजन जुलाई से शुरू होगा, जहां वह अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच की मेजबानी करेगी। इसके साथ ही दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी।
इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां वह कुल 8 व्हाइट बॉल मैच खेलेगी। इस दौरे का आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को होगा। इसके चार दिन बाद, यानी 23 जुलाई से टीम इंडिया जिम्बाब्वे दौरे की शुरुआत करेगी। इस सीरीज के बाकी दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 25 और 26 जुलाई को खेले जाएंगे। सभी मुकाबले हरारे में आयोजित होंगे। एक ही वेन्यू होने के कारण टीमों को यात्रा नहीं करनी पड़ेगी और इसी वजह से आखिरी दो मैच लगातार दिनों में खेले जाएंगे।
भारत दौरे पर आएगी जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे की टीम भी अगले साल भारत दौरे पर आएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 3 जनवरी से होगी और यह सीरीज 9 जनवरी तक चलेगी। इन मैचों की मेजबानी कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई को सौंपी गई है।
टी20 विश्व कप में हुई थी भिड़ंत
गौरतलब है कि इससे पहले भारत और जिम्बाब्वे की टीमें टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में आमने-सामने आई थीं। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 184 रन ही बना सकी और भारत ने यह मैच 72 रन से अपने नाम कर लिया।
युवा खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
इस साल टी20 फॉर्मेट में कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट नहीं होने के चलते इस सीरीज में भारत के सीनियर खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना कम मानी जा रही है। ऐसे में चयनकर्ता युवा और नए खिलाड़ियों को मौका देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परख सकते हैं। साथ ही टीम की कप्तानी को लेकर भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौजूदा समय में चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को इस दौरे के लिए टीम में जगह मिल सकती है। यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच साबित हो सकती है।
वनडे विश्व कप पर रहेगा फोकस
अगले साल वनडे विश्व कप खेला जाना है, जिसकी मेजबानी जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। ऐसे में भारतीय टीम और BCCI का मुख्य ध्यान इसी बड़े टूर्नामेंट की तैयारियों पर रहेगा। इसी कड़ी में भारत अगले साल जनवरी में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज भी खेलेगा, जो भारत में आयोजित होगी।
टी20 में जारी रहेगा प्रयोग का दौर
हालांकि आने वाले समय में कोई बड़ा टी20 टूर्नामेंट निर्धारित नहीं है, फिर भी टीम इंडिया इस फॉर्मेट में लगातार सीरीज खेलती रहेगी, ताकि नए खिलाड़ियों को मौका दिया जा सके और टीम संयोजन को मजबूत बनाया जा सके। अगला टी20 विश्व कप साल 2028 में खेला जाएगा, जिसे ध्यान में रखते हुए टीम में धीरे-धीरे बदलाव भी देखने को मिलेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

