हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में मिलावट का कारोबार करने वालों पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चल गया। शुद्ध खाद्य सामग्री बेचने के नाम पर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 23 खाद्य प्रतिष्ठानों पर 51 लाख रुपये से ज्यादा का भारी जुर्माना ठोक दिया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशों के बाद शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। इसी अभियान के तहत कलेक्टर शिवम् वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की।
जांच में सामने आया कि कई जगहों पर मिलावटी खाद्य पदार्थों का निर्माण, बिना लाइसेंस कारोबार, गलत तरीके से पैक्ड खाद्य सामग्री की बिक्री और खाद्य सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। इन मामलों को लेकर जब प्रकरण अदालत में पहुंचे तो अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषी पाए गए प्रतिष्ठानों पर लाखों रुपये का अर्थदंड लगा दिया। न्याय निर्णायक अधिकारी Navjeevan Vijay Pawar ने सुनवाई के बाद 1 लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक के जुर्माने लगाए। सबसे बड़ी कार्रवाई मेसर्स अपकिन एग्रो प्राइवेट लिमिटेड पर हुई। यहां प्री-पैक्ड ऑर्गेनिक उत्पादों का नियमों के खिलाफ निर्माण, संग्रहण और विक्रय पाया गया, जिसके चलते इस प्रतिष्ठान पर 10 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बालाजी ट्रेडिंग कंपनी पर 4 लाख रुपये, मशाल होटल और पूजा मिल्क एंड प्रोडक्ट (देवास नाका) पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
जांच में मदरसोल प्राइवेट लिमिटेड और ब्लाडो स्काई इंटरप्राइज प्राइवेट लिमिटेड पर 7 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि श्री कुबेर इंटरप्राइजेस और बालगोपाल डेयरी प्रोडक्ट्स पर 4-4 लाख रुपये की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही वाईसीएस बरोदा प्राइवेट लिमिटेड, निशा इंटरप्राइजेज, पूजा डेरी सांवेर रोड और विशाला ट्रेडर्स सहित कई अन्य प्रतिष्ठानों पर भी लाखों रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं एवेन्यू फूड प्लाजा प्राइवेट लिमिटेड, नर्मदा एजेंसी, कोर्ल्ड्स लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड और ग्लोबल गारमेंट प्राइवेट लिमिटेड पर भी बड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। प्रशासन का साफ संदेश है कि इंदौर में मिलावट का कारोबार करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों पर आगे भी लगातार जांच और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

